उधमसिंहनगर में अवैध शस्त्रों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 6 दिन में 21 गिरफ्तार
अजय गणपति की सख्ती रंग लाई, 31 तमंचे सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद
ट्रांजिट कैम्प में बड़ी कार्रवाई, अजय गणपति की टीम ने पकड़े 4 आरोपी
अजय गणपति के अभियान से अपराध पर शिकंजा, जिलेभर में दबिश जारी
अजय गणपति बोले—अवैध शस्त्र और सोशल मीडिया पर प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं
अजय गणपति की अपील—अवैध शस्त्रों से दूर रहें, तुरंत दें पुलिस को सूचना
रुद्रपुर। जनपद उधमसिंहनगर में अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में 12 मार्च 2026 से शुरू हुए 15 दिवसीय अभियान के पहले 6 दिनों में ही पुलिस ने 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 19 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 31 तमंचे, एक पिस्टल, 65 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। जनपदभर में विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग और दबिश अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी बरामदगी सामने आई, जहां 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 11 तमंचे, एक पिस्टल, 30 कारतूस और 3 खोखा कारतूस बरामद किए गए। वहीं रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 3 अभियुक्तों से 6 तमंचे और 21 कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा जसपुर, कुण्डा, काशीपुर, आईटीआई, बाजपुर, केलाखेड़ा, गदरपुर, दिनेशपुर, पंतनगर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा थाना क्षेत्रों में भी अलग-अलग कार्रवाइयों के तहत अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अवैध शस्त्र बरामद किए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, लहराना या फायरिंग करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शस्त्रों का प्रयोग न करें और इस प्रकार की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।







