4.22 लाख नकद और लाखों की ज्वेलरी बरामद

4.22 लाख नकद और लाखों की ज्वेलरी बरामद

चम्पावत(उद संवाददाता)। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर सीमा क्षेत्रें में अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चम्पावत जिले की बनबसा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल सीमा पर 4 लाख 22 हजार 100 रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य की संदिग्ध ज्वेलरी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अवैध लेन-देन की कोशिश को नाकाम कर दिया गया। चौकी शारदा बैराज क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की टीम ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियानचलाया, जिसमें भारी मात्र में नकदी के साथ 70 से अधिक प्रकार की पीली, सफेद और कॉपर धातु की आभूषण सामग्री, घड़ियां, सिक्के, मोबाइल फोन और बैग बरामद किए गए। बरामद की गई वस्तुएं संदिग्ध परिस्थितियों में सीमा पार ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए की जा रही है। बरामद सामान की विस्तृत जांच जारी है और बरामदगी से जुड़े व्यक्तियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस संयुक्त कार्रवाई में बनबसा थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कोरंगा, चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता समेत पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement