*टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: तीनों आरोपियों की पहचान सामने आई, उम्र 18 से 22 साल के बीच* *बिहार और हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी, राजस्थान के कोटा से मुंबई ले जा रही पुलिस; वारदात के पीछे किसका हाथ, जांच में जुटी पुलिस*

*टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: तीनों आरोपियों की पहचान सामने आई, उम्र 18 से 22 साल के बीच*

 

*बिहार और हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी, राजस्थान के कोटा से मुंबई ले जा रही पुलिस; वारदात के पीछे किसका हाथ, जांच में जुटी पुलिस*

 

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की पहचान और उनके बारे में शुरुआती जानकारियां सामने आई हैं। आरोपियों में बिहार के बेगूसराय का रहने वाला 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, हरियाणा के सोनीपत का 18 वर्षीय रेहान और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस तीनों को राजस्थान के कोटा से मुंबई ले जा रही है। वारदात को अंजाम देने के लिए उन्हें किसने कहा था और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय ऋतिक कुमार बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है। वह मुंबई में रैपिडो चलाता था और अंधेरी पश्चिम में उर्दू स्कूल के पास रहता था। उसके पिता का नाम रामू महतो बताया गया है।

 

दूसरा आरोपी 18 वर्षीय रेहान हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। उसके पिता का नाम रिशीउद्दीन अंसारी बताया गया है। तीसरा आरोपी भी हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है और नाबालिग है। नाबालिग आरोपी की पहचान से जुड़ी अन्य जानकारी सामने नहीं आई है।

 

कम उम्र के युवकों का अपराध में इस्तेमाल जांच का विषय

 

पिछले कुछ वर्षों में गंभीर आपराधिक वारदातों में कम उम्र के युवकों के शामिल होने और कथित तौर पर उनका इस्तेमाल किए जाने का रुझान चर्चा में रहा है। कई मामलों में सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवकों के अपराध की दुनिया से जुड़ने के मामले सामने आए हैं। हालांकि, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपियों को किसने और किस मकसद से इस वारदात के लिए तैयार किया, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

अतीक अहमद-अशरफ और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड जैसे मामले भी गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की भूमिका और उनके पीछे संभावित साजिश की जांच के लिहाज से चर्चा में रहे हैं। फिलहाल पुलिस का ध्यान टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी और इसके पीछे के लोगों का पता लगाने पर है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement