नैनीताल पुलिस की कार्रवाई, 13 लाख के जेवर व नगदी बरामद
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पुलिस टीम को खुलासे पर 2000 रुपये इनाम की घोषणा
मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में मुखानी पुलिस ने 13 लाख की चोरी का किया खुलासा
मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने चोर को दबोचा, जेवरात बरामद
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने एक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नगदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी, गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 (थाना मुखानी) निवासी हेमचंद्र लोहनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 2 मार्च से 5 मार्च 2026 तक अपने पैतृक गांव थापला, ताकुला (जिला अल्मोड़ा) गए हुए थे। 5 मार्च को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखे सोने के जेवरात व नगदी अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है।
तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मैनुअल इंटेलिजेंस के माध्यम से भी संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई।
13 मार्च को पुलिस टीम को हल्दीखाल जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष), पुत्र संतोष कुमार, निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नगदी बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामान में मटरनुमा मंगलसूत्र, पाइपनुमा मंगलसूत्र, दो पौंची, नथ व बैग टीका, दो जोड़ी झुमके, ₹2250 नगद तथा एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले भी थाना काठगोदाम में मामला दर्ज है तथा अन्य थानों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
चोरी की घटना के सफल खुलासे पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को ₹2000 नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, बलवंत सिंह, धीरज सुगड़ा, रविंद्र खाती तथा एसओजी के कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार मामले के खुलासे में कांस्टेबल बलवंत सिंह और रोहित कुमार ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर संदिग्ध की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







