बंगाली समाज के प्रतिनिधि मंडल ने महापौर को सौंपा ज्ञापन, बंग भवन निर्माण की उठाई मांग

Spread the love

बंगाली समाज के प्रतिनिधि मंडल ने महापौर को सौंपा ज्ञापन, बंग भवन निर्माण की उठाई मांग

रुद्रपुर। शहर के बंगाली समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महापौर विकास शर्मा को ज्ञापन सौंपा। बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन महापौर को सौंपा और समाज की प्रमुख मांगों से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री द्वारा 14 फरवरी 2026 को आयोजित सरस मेले के उद्घाटन समारोह में की गई घोषणा का उल्लेख करते हुए उनके ऐतिहासिक निर्णय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री ने बंगाली समाज के कल्याण हेतु समर्पित श्री गुरुचांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष की राशि को 2 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की घोषणा की थी। समाज के प्रबुद्धजनों ने इसे दूरदर्शी निर्णय बताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के साथ-साथ मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं मिलेंगी। इस महत्वपूर्ण वृद्धि पर समाज ने मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

आभार व्यक्त करने के साथ ही समिति ने ‘बंग भवन’ निर्माण की लंबित मांग भी उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि रुद्रपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में बंगाली समाज की सघन आबादी को देखते हुए सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए एक समर्पित भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। 14 अगस्त 2023 को आयोजित ‘विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम’ के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा बंग भवन निर्माण की घोषणा की गई थी, किंतु अब तक भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी है। समाज ने इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है।

महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि धामी सरकार बंगाली समाज की भावनाओं और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि बंग भवन का निर्माण समाज की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करेगा और वह स्वयं शासन स्तर पर पैरवी कर भूमि आवंटन की बाधाओं को दूर कराने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर बंगाली कर्मचारी उन्नयन समिति तथा श्री गुरुचांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *