*210 करोड़ की संपत्ति के आरोपों पर बोलीं रेखा आर्य, हर जांच के लिए तैयार* *तहरीर वापस लेने के लिए दबाव बनाने का रेखा आर्य ने लगाया आरोप* . *ऑडियो विवाद पर रेखा आर्य का दावा, बोलीं- रिकॉर्डिंग बनावटी नहीं, वास्तविक है*

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने खिलाफ 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति अर्जित करने को लेकर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। अस्पताल में भर्ती मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यदि किसी को उनकी संपत्ति को लेकर संदेह है तो वह किसी भी तरह की जांच कराने के लिए तैयार हैं।

रेखा आर्य ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा दी गई तहरीर वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, उनके पति गिरधारी लाल साहू की ओर से ऑडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए तैयार किए जाने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि वह गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर कहती हैं कि ऑडियो बनावटी नहीं, बल्कि वास्तविक है।

शादी के बाद पहली शादी की जानकारी मिलने का दावा

मंत्री ने अपने वैवाहिक जीवन से जुड़े मामले पर भी खुलकर बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें गिरधारी लाल साहू की पहले से शादी होने की जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार, शादी के बाद उन्हें इस बारे में पता चला। उन्होंने बताया कि उस समय परिवार के लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हो गया था।

रेखा आर्य के इन बयानों के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मंत्री ने जहां भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज करते हुए जांच कराने की चुनौती दी है, वहीं तहरीर वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया है। मामले में लगाए गए आरोपों और संबंधित दावों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement