सीएम के रुद्रपुर आगमन को भव्य बनाने की तैयारी
महापौर ने जिला प्रशासन संग बनाई विस्तृत रूपरेखा
जोरदार रोड शो के साथ होगा मुख्यमंत्री धामी का स्वागत
रुद्रपुर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगामी 14 फरवरी को प्रस्तावित रुद्रपुर दौरे को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से महापौर विकास शर्मा ने जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन मंथन कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की।
मुख्यमंत्री धामी अपने रुद्रपुर प्रवास के दौरान न केवल करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे, बल्कि शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी नई दिशा देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 14 फरवरी को रुद्रपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन का मुख्य आकर्षण इंदिरा चौक पर स्थापित भव्य त्रिशूल का लोकार्पण होगा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री विशाल रोड शो के माध्यम से जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। रोड शो काशीपुर मार्ग व गल्ला मंडी होते हुए गांधी पार्क तक निकाला जाएगा। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि रोड शो मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक स्वागत के साथ मुख्यमंत्री का भव्य अभिनंदन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम गांधी पार्क के विशाल प्रांगण में आयोजित किया जाएगा, जहां वे जिले को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री दस दिवसीय प्रादेशिक सरस मेले का विधिवत शुभारंभ कर प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत शाम को मुख्यमंत्री विशाल शिव जागरण में भी प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, जनसभा प्रबंधन एवं आमजन की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्णय लिए गए।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा रुद्रपुर के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो, इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री पारस चुघ, धीरेन्द्र मिश्रा, दिलजोत बाजवा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए आयोजन को भव्य बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।






