मोबाइल झपटमारी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार छीना गया ओप्पो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद

मोबाइल झपटमारी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

छीना गया ओप्पो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद

बाजपुर, 5 जून। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 जून को महेशपुरा निवासी लेखराज ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया था कि 3 जून की शाम करीब 5:40 बजे वह महेशपुरा रोड पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और फरार हो गए।

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। 5 जून को कोतवाली बाजपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बरहेनी रोड स्थित बरार धर्मकांटा के समीप पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से झपटा गया ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल छीनने की घटना स्वीकार कर ली।

पुलिस ने हिमांशु आर्या (22 वर्ष) पुत्र शंकर राम निवासी बाकेनगर मझराप्रभु, बाजपुर तथा शुभम सागर (21 वर्ष) पुत्र राधेश्याम निवासी टूटी फैक्ट्री नमूना, बाजपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या यूके-18एस-1429 बरामद की है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र मेहता, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह परिहार एवं कांस्टेबल नरेंद्र सिंह शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement