त्रिशूल चौक स्थापना पर महापौर विकास शर्मा का सम्मान

Spread the love

त्रिशूल चौक की स्थापना पर भाजपा नेताओं ने महापौर का किया सम्मान

रुद्रपुर को मिली आध्यात्मिक पहचान, महापौर का अभिनंदन

“स्मार्ट सिटी के साथ संस्कार सिटी” विजन पर महापौर की सराहना

 

रुद्रपुर। शहर के मुख्य प्रवेश द्वार पर भव्य “त्रिशूल चौक” की स्थापना कर नगर को विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान दिलाने पर भाजपा नेताओं ने महापौर विकास शर्मा का सम्मान किया। नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नेताओं ने महापौर को अंगवस्त्र भेंट किए तथा प्रतीक चिन्ह देकर उनके विजन की सराहना की।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना ने कहा कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम ने बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ किया है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर का नाम भगवान रुद्र (भगवान शिव) के नाम पर है, किंतु वर्षों से यहां आने वाले आगंतुकों को इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक तथ्य का अनुभव नहीं हो पाता था। त्रिशूल चौक की स्थापना जनभावनाओं और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। अब शहर में प्रवेश करते ही आगंतुकों को यह अनुभव होगा कि वे भगवान रुद्र की नगरी में आए हैं।

महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जनता के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को केवल कंक्रीट का शहर नहीं, बल्कि “स्मार्ट सिटी” के साथ-साथ “संस्कार सिटी” के रूप में विकसित करना लक्ष्य है। सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग से शहर में विकास कार्यों की गति निरंतर जारी रहेगी तथा आने वाले समय में कई सौंदर्यीकरण परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। त्रिशूल स्थापना के बाद अब डमरू स्थापित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर की कार्यशैली की सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा अनिल चौहान, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, प्रदेश आईटी संयोजक ओबीसी मोर्चा योगेश वर्मा, जिला मीडिया संयोजक विजय पाल सिंह तोमर, सुनील सिंह, अभिषेक तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *