कोली समाज ने किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ का किया भव्य स्वागत
रुद्रपुर/किच्छा। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ का रमपुरा बस्ती में कोली समाज द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। अखिल भारतीय युवा कोली समाज के प्रदेश अध्यक्ष हिम्मतराम कोली के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने फूल वर्षा कर एवं मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा मिष्ठान वितरित किया।
प्रदेश अध्यक्ष हिम्मतराम कोली ने कहा कि विधायक बेहड़ ने सदैव निस्वार्थ भाव से कोली समाज को सम्मान दिया तथा हर संभव सहायता की। उन्होंने रमपुरा सहित अनेक बस्तियों में पेयजल योजनाओं, रामलीला मंचों, सामुदायिक भवनों के निर्माण, बिजली लाइनों के सुधार और विद्यालयों के उच्चीकरण जैसे विकास कार्य कराए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जातिवाद और व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के कारण राजनीति का स्तर गिर रहा है तथा कुछ लोग बेवजह उनका नाम लेकर अपने आकाओं को खुश करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जब कोली समाज के सैकड़ों लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज हुए थे, तब बेहड़ ने उन्हें हटवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए विद्यालयों तथा जरूरतमंद परिवारों के विवाह हेतु धर्मशालाओं का निर्माण भी कराया गया। साथ ही समाज के लोगों को चेयरमैन और ब्लॉक प्रमुख जैसे पदों पर निर्वाचित कराने में सहयोग किया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सिडकुल, झील तथा बेटियों के लिए इंटर कॉलेज जैसे कार्यों से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि वे सभी का सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे पुतला फूंकने वालों का भी सम्मान करते हैं।
उन्होंने नगर निगम चुनाव के दौरान स्वर्गीय बंटी कोली के निधन के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को शांत कराने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं रमपुरा पहुंचकर लोगों को समझाया था और परिवार को सहयोग का आश्वासन दिया था।
किच्छा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष दर्शन कोली ने कहा कि तिलकराज बेहड़ सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं और आज समाज को उनके नेतृत्व की आवश्यकता है।
इस अवसर पर दर्शन कोली, राजू कोली, सियाराम कोली, बनारसी दास कोली, कुंवरपाल कोली, राकेश कोली, रामावतार कोली शर्मा, हरिराम कोली, वीरेंद्र कोली, सुभाष कोली, मुकेश कोली, राहुल कोली, राजाराम कोली, यादराम कोली, महेश कोली, छोटेलाल कोली, हरीश कोली, सोनू कोली, जितेंद्र कोली, दीपक कोली, त्रिजीत कोली, अजय कोली, कांति कोली, बिटौला कोली, रूपन कोली, प्रेमा कोली, कमला देवी, माला देवी, रूपदेवी, किरन, प्रेमवती, हरदई सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहनखेड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, सरदार साहब सिंह, पार्षद सौरभ शर्मा, पार्षद गौरव खुराना, पार्षद इंद्रजीत सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







