रुद्रपुर में 28 फरवरी को राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप एवं चयन ट्रायल
राज्य स्तरीय मुकाबलों से राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए होगा चयन
6–10 मार्च तेलंगाना राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व तय होगा
तकनीक, फिटनेस और मानसिक दृढ़ता की होगी कड़ी परीक्षा
रुद्रपुर। उत्तराखंड के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर सामने आया है। तीसरी उत्तराखंड राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप–2026 एवं राष्ट्रीय चयन ट्रायल का आयोजन 28 फरवरी 2026 को रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता का संयुक्त आयोजन पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड तथा सहयोगी संस्था डिसेबल्ड स्पोर्टिंग सोसायटी उत्तराखंड द्वारा किया जा रहा है।
राज्य स्तरीय चैंपियनशिप एवं चयन ट्रायल के माध्यम से चुने गए खिलाड़ी 6 से 10 मार्च 2026 तक तेलंगाना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिससे मुकाबलों का स्तर और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक रहने की उम्मीद है।
चैंपियनशिप के दौरान विभिन्न वर्गों में मुकाबले खेले जाएंगे, जहां खिलाड़ी अपनी तकनीक, फिटनेस, रणनीति और मानसिक दृढ़ता का प्रदर्शन करेंगे। चयन ट्रायल के दौरान विशेषज्ञ समिति खिलाड़ियों के समग्र प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन करेगी, ताकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन सुनिश्चित किया जा सके।
आयोजन समिति के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पैरा खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद उनका समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाना है।
प्रतियोगिता के संयोजक हरीश चौधरी ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि समावेशी खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें बड़े स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।







