डीपीएस रुद्रपुर के विद्यार्थियों का सीए इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन
Institute of Chartered Accountants of India की परीक्षा में डीपीएस रुद्रपुर का दमदार रिजल्ट
चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर व वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर ने दी बधाई
रुद्रपुर। Delhi Public School Rudrapur के विद्यार्थियों ने सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की पूर्व छात्रा तनिष कनोडिया ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सीए इंटरमीडिएट परीक्षा (जनवरी 2026) में अखिल भारतीय स्तर पर 12वीं रैंक प्राप्त की है। तनिष ने कुल 468 अंक अर्जित कर अपनी असाधारण प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली है।
इसी क्रम में विद्यालय की एक अन्य प्रतिभाशाली पूर्व छात्रा कशिश नरूला (बैच 2023-24) ने हाल ही में घोषित परिणामों में सीए इंटरमीडिएट ग्रुप-1 परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण ने विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है। कशिश ने अब ग्रुप-2 की तैयारी प्रारंभ कर दी है और चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने के अपने लक्ष्य की दिशा में अग्रसर हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने दोनों छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर एवं वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर के सतत मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और युवा प्रतिभाओं पर विश्वास के लिए आभार प्रकट किया गया।
विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करने की कामना की है।







