अजय गणपति के निर्देशन में गैंगरेप कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 24 फरवरी 2026 को पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 85/2026 धारा 351(3), 70(1) बीएनएस बनाम करन व अन्य के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में विवेचना के दौरान धारा 3(5) व 115(2) बीएनएस की वृद्धि भी की गई।
मेले से लौटते समय वारदात
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि 22 फरवरी 2026 को वह अपने देवर के साथ गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले से वापस लौट रही थी। रात करीब नौ बजे मोदी मैदान के पास देवर के परिचित तीन युवक दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद पीड़िता को ठंडी सड़क क्षेत्र स्थित सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बनाया। घटना के दौरान अन्य आरोपी मौके पर मौजूद रहे।
पूरी रात चली दबिश, साक्ष्य संकलित
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक (अपराध), पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर द्वारा संयुक्त रूप से मामले की निगरानी की गई। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया तथा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की समीक्षा की और गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की।
तीन आरोपी गिरफ्तार
25 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के पास से मोटरसाइकिल संख्या UK06BK0587 स्प्लेंडर प्लस सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में—
राजा रस्तोगी (28 वर्ष), निवासी खेड़ा, रुद्रपुर
विशाल गुप्ता उर्फ बिट्टू (25 वर्ष), हाल निवासी भदईपुरा, रुद्रपुर
करन सिंह (19 वर्ष), निवासी भदईपुरा, रुद्रपुर
शामिल हैं।
चौथे आरोपी अभय सक्सेना उर्फ चाइना द्वारा कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन किए जाने की सूचना है। वह वर्तमान में जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में उपचाराधीन है। चिकित्सकीय अनुमति मिलते ही उसके विरुद्ध भी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महिला अपराधों पर सख्त रुख
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।
जनपद पुलिस ने दोहराया है कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।







