काशीपुर में प्रभावी पुलिसिंग पर जोर, एसएसपी अजय गणपति ने जनसंवाद गोष्ठी में दिए निर्देश
जनसंवाद गोष्ठी में अपराध नियंत्रण के लिए जनता की भागीदारी बढ़ाने पर बल
नशा तस्करों पर जीरो टॉलरेंस नीति, स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश
साइबर अपराध, यातायात अव्यवस्था और अतिक्रमण रोकने को चलेंगे जागरूकता व चेकिंग अभियान
सुरक्षित और अपराधमुक्त शहर बनाने के लिए जनसहयोग व अनुशासित पुलिसिंग पर फोकस
काशीपुर/ऊधम सिंह नगर, 19 फरवरी। जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कोतवाली परिसर का भ्रमण कर कम्युनिटी लायजन ग्रुप (सीएलजी) सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, संभ्रांत व्यक्तियों तथा पुलिस पेंशनर्स के साथ जनसंवाद गोष्ठी आयोजित की। इसके उपरांत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
अपराध नियंत्रण में जनसहयोग पर जोर
गोष्ठी के दौरान क्षेत्र में अवैध नशे के बढ़ते प्रचलन, साइबर अपराध, यातायात अव्यवस्था, अतिक्रमण, किरायेदार एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा युवाओं में जागरूकता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
एसएसपी ने नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए कठोर व निरंतर कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूल-कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखने, साइबर अपराधों से बचाव हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में जनता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पुलिस प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
पुलिस पेंशनर्स के अनुभव बताए अमूल्य धरोहर
एसएसपी ने पुलिस पेंशनर्स से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का अनुभव विभाग की अमूल्य धरोहर है, जिससे वर्तमान पुलिस व्यवस्था को दिशा मिलती है। प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए पेंशनर्स के सम्मान एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
सम्मेलन में अनुशासन व संवेदनशीलता पर विशेष बल
जनसंवाद के उपरांत आयोजित पुलिस सम्मेलन में निर्देशित किया गया कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ितों के साथ शालीन एवं मानवीय व्यवहार रखा जाए। नियमित गश्त, दबिश एवं चेकिंग अभियान चलाने के साथ विभागीय अनुशासन, वर्दी की मर्यादा एवं आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान कोतवाली परिसर का निरीक्षण कर अभिलेखों, मालखाना, हवालात, सीसीटीवी व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया गया तथा आवश्यक सुधार हेतु निर्देशित किया गया।
अंत में एसएसपी ने कहा कि जनसहयोग, अनुशासित कार्यप्रणाली एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से सुरक्षित एवं अपराधमुक्त काशीपुर के निर्माण हेतु पुलिस प्रतिबद्ध है।







