*कामरेड मास्टर निशान सिंह संधू का निधन, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब*
रुद्रपुर। मजदूर, किसान और शिक्षक नेता तथा एक्टू (ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ कामरेड मास्टर निशान सिंह संधू का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न किसान, मजदूर, शिक्षक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन को जन आंदोलनों के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
रविवार को किच्छा रोड स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कामरेड मास्टर निशान सिंह संधू ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों और शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया। वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) तथा अखिल भारतीय किसान महासभा के माध्यम से लंबे समय तक जन आंदोलनों का नेतृत्व करते रहे। उन्होंने मजदूर संगठन एक्टू के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मजदूरों, किसानों, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को उन्होंने हमेशा प्रमुखता से उठाया और संघर्ष के रास्ते पर डटे रहे।
राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के साथ-साथ वे एक समर्पित शिक्षक भी थे। उन्होंने रुद्रपुर बाजार प्राथमिक विद्यालय, ट्रांजिट कैंप प्राथमिक विद्यालय तथा छतरपुर सहित विभिन्न विद्यालयों में शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। अपने शिक्षकीय जीवन में उन्होंने हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और अनुशासन, सादगी तथा समाज सेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक होने के कारण लोग उन्हें सम्मानपूर्वक “मास्टर साहब” के नाम से जानते थे।
अंत्येष्टि में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, अधिवक्ता दिवाकर पांडे, समाजसेवी सुशील गाबा, हरीश देनाई, गगन कांडपाल, बाबा विक्रमजीत सिंह लाल, संजय ठुकराल, ज्ञानी सुरेन सिंह, प्रदीप पांडे, कैलाश गिरी, नरेंद्र कुमार, धीरज पांडे, राजेंद्र सिंह, अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी, जावेद अख्तर, अरुण मिश्रा, गुरविंदर गिल, अधिवक्ता राजन मेहरा, अधिवक्ता मेहरबान सिंह कोरंगा, अधिवक्ता हरीश नेगी, अधिवक्ता आर.पी. सिंह, अधिवक्ता एस.पी. सिंह, अधिवक्ता राजीव सिंह, अधिवक्ता अभय सोलंकी, अधिवक्ता सुधांशु जोशी, अधिवक्ता मनोज ग्रोवर, अधिवक्ता सुखेंद्र सरकार, अधिवक्ता नवीन ठुकराल, अधिवक्ता नवीन चंदोला, अधिवक्ता रघुवीर सिंह रावत, अरुण चुग, ललित बिष्ट, अंकित चंद्रा, ललित पांडे, राजू रावत, देश दीपक सिन्हा, राहुल वर्मा, डॉ. शिशुपाल यादव, ओम प्रकाश गंगवार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।







