प्रदेशभर के मंदिरों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, सीएम धामी ने चकरपुर स्थित वनखंडी महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक
देहरादून/रूद्रपुर/खटीमा/गदरपुर/काशीपुर उत्तराखंड में महा शिवरात्रि का पावन पर्व हर्षाेल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह तड़के से ही शिवालयों में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां भोले के भक्तों ने शिवलिंग पर पंचामृत, गंगाजल, सफेद फूल, बेलपत्र, आखा फूल और कमल गट्टा अर्पित कर विधि-विधान से पूजन किया। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के तमाम जिलों में स्थित प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ उमड़ी रही। पर्व को देखते हुए सभी मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था के भी प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। धार्मिक दृष्टि से इस वर्ष की महाशिवरात्रि विशेष मानी जा रही है, क्योंकि कई वर्षों बाद इस दिन दुर्लभ शुभ योगों का संगम हो रहा है। ज्योतिष गणना के अनुसार कुंभ राशि में बुधादित्य, शुक्रादित्य, लक्ष्मी नारायण और चतुर्ग्रही योग के साथ-साथ सर्वार्थ सिद्धि, प्रीति, ध्रुव व व्यतिपात योग का विशेष संयोग बना है। ग्रह-नक्षत्रों की इस खास चाल के बीच भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए महादेव की विशेष उपासना की।
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धाामी ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर वनखंडी महादेव मंदिर चकरपुर में देवाधिदेव महादेव के दर्शन किये और जलाभिषेक किया। इस अवसर पर सम्पूर्ण विधि-विधान से प्रभु भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं राज्य की उन्नति के लिए प्रार्थना की। सीएम धामी ने वनखंडी महादेव मन्दिर, चकरपुर में आयोजित महाशिवरात्रि मेले का फीता काटकर शुभारम्भ भी किया व सभी श्रद्धांलुओं एवं प्रदेश वाशियों को महाशिवरात्रि की बधाई व शुभकामनायें दी। इस दौरान उन्होंने कहा की वंखण्डी महादेव मन्दिर में बड़ी संख्या श्रद्धांलुओं का आवागमन होता है, इसीलिए कार्ययोजना बना कर मन्दिर को विकसित किया जायेगा। धामी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि का यह पर्व शिव और शक्ति की आराधना का प्रतीक है, जो हमें प्रेम, एकता और आध्यात्मिक जागरण की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, गंभीर सिंह धामी, गोपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित मन्दिर समिति के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
रुद्रपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर नगर एवं निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रें में स्थित शिवालयों में हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने पूजा अर्चना के साथ जलाभिषेक किया। प्रातः से ही सभी शिवालय भगवान शिव शंकर के जयघोषों से गुंजायमान हो उठे। हरिद्वार से पावन गंगाजल लेकर लौटे कांवरियों सहित भारी संख्या में शिव भक्तों ने शिवालयों में पहुंच शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध, फल, फूल, धूप, अगरबत्ती आदि पूजा सामग्री के साथ जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। मंदिरों के बाहर पूजा सामग्री बेचने वालों की कई दुकानें सजी हुई थीं। नगर के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री मनकामेश्वर मंदिर, श्री शिव शक्ति मंदिर, श्री दूधिया बाबा मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, श्री शिव मंदिर, मां अटरिया देवी मंदिर, श्री बृहस्पति देव मंदिर, श्री नव दुर्गा मंदिर, श्री वैष्णों देवी मंदिर, श्री चामुण्डा मंदिर, सहित ट्रांजिट कैम्प, सिडकुल चौकी परिसर, कोतवाली परिसर, सिडकुल चौक, आवास विकास, इन्द्रा कालोनी, सिंह कालोनी, रम्पुरा, भूतबंगला, पहाडगंज, बंगाली कालोनी, मॉडल कालोनी, दरिया नगर, घास मंडी, ईश्वर कालोनी, संजय नगर, आदर्श कालोनी, अटरिया रोड़, काशीपुर बाईपास रोड़, जगतपुरा, दूधिया नगर, खेड़ा, शक्ति विहार, पीएसी परिसर, गंगापुर रोड़, निकटवर्ती ग्राम भूरारानी, डिबडिबा, दानपुर, भगवानपुर, बगवाड़ा, छतरपुर, मटकोटा, रामनगर, फुलसुंगा, फुलसुंगी, प्रीत विहार आदि क्षेत्रें में स्थित शिवालयों में हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। इस मौके मंदिरों को फूलमालाओं व रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। अनेक मंदिरों में धार्मिक आयोजन किये जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए अनेक मंदिरों में पुलिस कर्मी भी तैनात रहे। वहीं पुलिस अधिकारी भी मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।






