गदरपुर में नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार 4.54 करोड़ रुपये के असली व नकली नोट बरामद, कई गड्डियों में ऊपर असली और नीचे नकली नोट मिले

Spread the love

गदरपुर में नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

4.54 करोड़ रुपये के असली व नकली नोट बरामद, कई गड्डियों में ऊपर असली और नीचे नकली नोट मिले

गदरपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद नोटों में कई गड्डियों के ऊपर 500 रुपये के असली नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट रखे गए थे।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। जांच में उनके पास से बड़ी मात्रा में असली एवं नकली नोट बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि कई गड्डियों में ऊपर असली नोट लगाकर नीचे नकली नोट रखे गए थे, जिससे लोगों को धोखा दिया जा सके।

इस मामले में कोतवाली गदरपुर में एफआईआर संख्या 141/2026 के तहत धारा 179, 180 एवं 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि नकली नोट कहां से लाए गए तथा इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुनतियाज (24) पुत्र साहिद निवासी केशव नगर, बाजपुर तथा मनोज कुमार (41) पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज, गदरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बरामदगी में 500 रुपये के नकली नोटों की अनेक गड्डियां, मिश्रित असली-नकली नोटों की गड्डियां तथा एक बैग में रखी 157 गड्डियां शामिल हैं। कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 4.54 करोड़ रुपये बताया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोटों के कारोबार, नशे और संगठित अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में कोतवाली गदरपुर के प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *