रुद्रपुर में निःशुल्क आत्मरक्षा व कलरिपयट्टू कैंप लगाएगी अश्विनी फाइटर्स एकेडमी
रुद्रपुर। महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर व सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए Ashvini Fighters Academy ने रुद्रपुर क्षेत्र में 20 से अधिक निःशुल्क सेल्फ डिफेंस एवं हेल्थ अवेयरनेस कैंप आयोजित करने की घोषणा की है।
अकादमी द्वारा आयोजित इन शिविरों में आत्मरक्षा की पारंपरिक भारतीय युद्ध कला कलरिपयट्टू का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। केरल में उत्पन्न यह प्राचीन मार्शल आर्ट लगभग 3000 वर्ष पुरानी मानी जाती है। इसमें शारीरिक संतुलन, शक्ति, फुर्ती और शरीर के संवेदनशील बिंदुओं की जानकारी के साथ आत्मरक्षा की प्रभावी तकनीकें सिखाई जाती हैं। प्रशिक्षण में लाठी, तलवार, ढाल और भाले जैसे पारंपरिक हथियारों के मूलभूत अभ्यास भी शामिल रहेंगे।
अकादमी की संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता मास्टर कोच अश्विनी बघेल ने बताया कि कैंपों का मुख्य उद्देश्य बच्चों, युवाओं और महिलाओं को व्यावहारिक आत्मरक्षा तकनीकों के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। अकादमी का प्रयास है कि रुद्रपुर के प्रत्येक शहर, कस्बे और विद्यालय तक निःशुल्क प्रशिक्षण पहुंचाया जाए, ताकि हर बच्चा और महिला स्वयं को सुरक्षित एवं आत्मविश्वासी महसूस कर सके।
इन शिविरों में प्रतिभागियों को व्यावहारिक सेल्फ डिफेंस तकनीक, पारंपरिक लाठी मार्शल आर्ट प्रशिक्षण, मानसिक मजबूती एवं आत्मविश्वास विकास, तथा बेसिक फिटनेस एवं हेल्थ गाइडेंस प्रदान की जाएगी।
अकादमी अब तक 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे चुकी है और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी है।
रुद्रपुर के विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से इस सामाजिक पहल से जुड़ने और अपने क्षेत्र में निःशुल्क कैंप आयोजित कराने की अपील की गई है।
कैंप से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9753445269 पर संपर्क किया जा सकता है।







