गरीब रथ एक्सप्रेस बंद होने पर व्यापारियों में रोष, पुनः संचालन की मांग
चार माह से बंद गरीब रथ एक्सप्रेस, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
रुद्रपुर व्यापार मंडल ने गरीब रथ दोबारा चलाने को सौंपा ज्ञापन
वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गरीब रथ बंद होने से दिक्कत
रेलवे बोर्ड की बैठक में उठेगा गरीब रथ संचालन का मुद्दा: भूपेंद्र सिंह
रुद्रपुर के व्यापारियों ने रेल उपभोक्ता समिति सदस्य को सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर। काठगोदाम से जम्मूतवी के बीच संचालित होने वाली ट्रेन संख्या 12207 गरीब रथ एक्सप्रेस के बंद होने से नाराज व्यापारियों ने इसके पुनः संचालन की मांग उठाई है। इस संबंध में रुद्रपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य सरदार भूपेंद्र सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने बताया कि यह ट्रेन पिछले लगभग 15 वर्षों से संचालित हो रही थी और यात्रियों से भरी रहती थी, लेकिन करीब चार माह से इसका संचालन बंद है। इसके कारण रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को काठगोदाम से जम्मूतवी के लिए चलती थी, जिससे रुद्रपुर, नानकमत्ता, सितारगंज, बाजपुर, किच्छा और गदरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी और यात्री बड़ी संख्या में यात्रा करते थे।
व्यापारियों के अनुसार इस ट्रेन के माध्यम से माता वैष्णो देवी दरबार जाने वाले श्रद्धालु, राधा स्वामी डेरा ब्यास जाने वाली संगत, जम्मू बॉर्डर व पठानकोट कैंप जाने वाले सैनिक, जालंधर स्थित देवी तालाब मंदिर जाने वाले भक्त तथा लुधियाना में होजरी कारोबार से जुड़े व्यापारी भी यात्रा करते थे। इसके अलावा तराई क्षेत्र के लोगों की पंजाब में रिश्तेदारी होने के कारण भी इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या काफी अधिक रहती थी।
अचानक ट्रेन बंद होने से यात्रियों को अब अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 12207 जम्मूतवी गरीब रथ एक्सप्रेस को पूर्व की भांति पुनः संचालित करने की मांग की। साथ ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सप्ताह में तीन दिन ट्रेन चलाने की भी मांग रखी गई।
इस पर क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य सरदार भूपेंद्र सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय को रेलवे बोर्ड की आगामी बैठक में रखा जाएगा, ताकि ट्रेन का पुनः संचालन सुनिश्चित कराया जा सके।
इस दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री निर्मल हंसपाल, जिला उपाध्यक्ष सतपाल गाबा, सुरमुख सिंह विर्क, महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा, पार्षद इंद्रजीत सिंह, राजेश कामरा, पवन गाबा, गौरव गांधी, रूप सिंह विर्क, आशु गंभीर, सागर छाबड़ा, पारस अरोरा, अमित बांगा, चंद्र सचदेवा, अपार सिंह बेदी, लवली परूथी, रमन अरोरा, मानस दुनेजा, चीनू दुआ, राजकुमार सीकरी, जतिन नागपाल, जीत सिंह चाचू, दीपू तनेजा, प्रशांत शर्मा, जिम्मी बांगा, राजकुमार सिकरी सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।







