*_राजस्थान के 15 शहरों में डाकघर, पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी_*

Spread the love

*_राजस्थान के 15 शहरों में डाकघर, पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी_*
जैसलमेर/कोटा/सवाई माधोपुर/बीकानेर : प्रदेश में करीब 15 शहरों में बम ब्लास्ट की धमकी मिली है. जैसलमेर और कोटा शहर के पासपोर्ट सेवा केंद्र, सवाई माधोपुर की पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिस और बीकानेर की मुख्य डाकघर और पार्सल ऑफिस को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई मेल आया है. पुलिस मौके पर तैनात है. मामले की जांच की जा रही है. इसके अलावा पाली, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, अलवर में मुख्य पोस्ट ऑफिस, सीकर, अजमेर और प्रतापगढ़ में भी मुख्य डाकघर को धमकी मिली है. इसके साथ ही धौलपुर, दौसा, जोधपुर और भीलवाड़ा में भी बम ब्लास्ट की धमकी मिली है.
ISI के नाम से भेजा गया ईमेल : कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम ने बताया कि ईमेल में धमकी दी गई थी कि दोपहर 1 बजे कार्यालय परिसर में बम विस्फोट किए जाएंगे. धमकी मिलने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पासपोर्ट सेवा केंद्र को तुरंत सील कर दिया गया और वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया. यह मेल कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है.
घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं. सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है. आम लोगों की आवाजाही पर फिलहाल रोक रखी गई है. प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. साइबर टीम भी ईमेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी हुई है.

कोटा में भी बम की धमकी : शहर के नयापुरा स्थित हेड डाकघर व विज्ञान नगर थाना इलाके में इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मंगलवार को मिली है. एसएसपीओ कोटा सुनील राठौर का कहना है कि उन्हें उच्च अधिकारियों ने फोन कर जानकारी दी थी, जिसमें बताया था कि बम की अफवाह पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट सेवा केंद्र पर है. दोनों परिसर को पूरा खाली करा लिया गया था. नयापुरा स्थित हेड डाकघर परिसर में बीएसएनल ऑफिस, प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित होता है. दूसरी तरफ विज्ञान नगर थाना इलाके में इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया में पासपोर्ट सेवा केंद्र व बीएसएनल ऑफिस चलता है. दोनों को ही खाली कराया गया था. हालांकि जांच में यह मामला फर्जी ही निकला है. किसी तरह का कोई विस्फोटक दोनों परिसर में नहीं मिला है.
एसएसपीओ कोटा सुनील राठौर ने बताया कि कोटा के नयापुरा स्थित प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को खाली कराया गया है. इसी तरह से कोटा में दूसरा पासपोर्ट सेवा केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया में भी संचालित होता है. उसे भी खाली कराया गया है. उच्च अधिकारियों ने उन्हें मेल करके इस संबंध में जानकारी दी थी. डाक विभाग के कार्मिक को यह जानकारी 11 बजे मिली थी. करीब दो घंटे की जांच के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला, जिसके बाद काम फिर शुरू हो गया है.
सवाई माधोपुर में भी ब्लास्ट का मेल : सवाई माधोपुर के मुख्य डाकघर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मुख्य डाक अधीक्षक की सूचना पर मानटाउन थाना पुलिस, डीएसबी टीम व बम निरोधक दस्ता तुरंत मुख्य डाकघर पहुंचा. मानटाउन थाना अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर 12:45 बजे पोस्ट ऑफिस से सूचना मिली कि एक ईमेल प्राप्त हुआ हे, जिसमें राजस्थान के सभी पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिस को आईडी से उड़ाने की धमकी मिली है. सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर कर्मचारी व मौजूद लोगों को परिसर से बाहर निकाला गया. पूरे पोस्ट ऑफिस परिसर की गहनता से जांच की गई, जिसमें ऐसा कुछ प्राप्त नहीं हुआ. फिलहाल पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है.

बीकानेर के मुख्य डाकघर और पार्सल ऑफिस को धमकी : मंगलवार को बीकानेर की मुख्य डाकघर और पार्सल ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. दरअसल, पासपोर्ट ऑफिस और मुख्य डाकघर एक ही बिल्डिंग में संचालित है और मुख्यालय में आए ईमेल के बाद बीकानेर ऑफिस में इसकी सूचना दी गई. इसके बाद बीकानेर ऑफिस ने पुलिस को इसकी सूचना दी. कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचे. फिलहाल जांच कर रहे हैं. डाकघर अधिकारी खुशबू राठी ने बताया कि मुख्यालय से बम के ईमेल की सूचना दी गई थी.
Bhilwara)

भीलवाड़ा पासपोर्ट कार्यालय को भी मिली धमकी : भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम पर उड़ाने की ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद भीलवाड़ा पुलिस सतर्क हो गई है. भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पासपोर्ट ऑफिस को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी के बाद सर्च अभियान चलाया. कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *