*_बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा_*
पटना : बिहार की राजधानी पटना से एक बार फिर सनसनीखेज खबर सामने आई है. बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक बिहार विधानसभा को ई-मेल के माध्यम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
बिहार विधानसभा को उड़ाने की धमकी : धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और तुरंत जांच शुरू कर दी गई. विधानसभा के अंदर जितने भी लोग मौजूद थे, उन्हें खाली करने का भी आदेश दे दिया गया है. मामले की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे विधानसभा परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई.
जांच करने पहुंचा दस्ता : इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चला रहा है. सुरक्षा एजेंसियां विधानसभा परिसर के अंदर और आसपास के इलाके की बारीकी से तलाशी ले रही हैं ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके.
”बिहार विधानसभा को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है. डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी पूरे परिसर की जांच कर रहा है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.”- डॉ. अन्नू, सचिवालय डीएसपी
साइबर टीम भी हुई एक्टिव : धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात कर दी गई हैं और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है. साथ ही ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए साइबर टीम भी जांच में जुट गई है.
‘धमकी भरा ई मेल मिला’ : बिहार विधान सभा सचिवालय की ओर से इस बाबात प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है. इसमें कहा गया है कि आज बिहार विधान सभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई मेल प्राप्त हुआ. बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने तुरंत इस पर संज्ञान लेते हुए सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की. अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वो मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को इस बात की जानकारी देकर विधान सभा परिसर की सुरक्षा दृष्टिकोण से शीघ्र जांच कराएं.
लगातार मिल रही है धमकी : हाल के दिनों में बिहार में इस तरह की धमकियों के मामले सामने आते रहे हैं. इससे पहले पटना के सिविल कोर्ट और पटना जंक्शन को भी उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है. हालांकि जांच के बाद कई मामलों में धमकी फर्जी भी पाई गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए पूरी सतर्कता बरत रही हैं.
सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस : फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही हैं. ई-मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी और साइबर जांच शुरू कर दी गई है. वहीं विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस कर दी गई है.







