*_दिल्ली: कश्मीरी नंबर की संदिग्ध कार मिलने से मचा हड़कंप, फर्जी NIA अफसर गिरफ्तार, जांच जारी_*
नई दिल्ली: राजधानी में लाल किला इलाके के पास हालिया ब्लास्ट की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट थीं. इसी बीच जम्मू-कश्मीर नंबर की एक संदिग्ध कार मिलने से दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया. थाना कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात को लाल किले के पीछे दिल्ली चलो पार्क के पास खड़ी काली हुंडई सैंट्रो (नंबर JK01L9913) की जांच की तो उसमें बैठे एक युवक के पास से NIA का फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ.
पूछताछ में आरोपी की पहचान पुलवामा निवासी मुदस्सर के रूप में हुई. उसके साथ एक नाबालिग लड़का भी मिला. आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर पहचान पत्र दिखाया, लेकिन कार्ड संदिग्ध लगा थाने लाकर की गई जांच में खुलासा हुआ कि वह फर्जी आईडी के जरिए बेरोजगार युवकों को नौकरी का झांसा देकर ठगी करता था.
पुलिस के अनुसार आरोपी 12 फरवरी को नाबालिग को कश्मीर से लेकर निकला और 13 फरवरी को दिल्ली पहुंचा. दोनों जामा मस्जिद इलाके के एक गेस्ट हाउस में ठहरे थे. आरोपी ने नाबालिग के परिवार से नौकरी दिलाने के नाम पर अग्रिम रकम भी ली थी.
डीसीपी राजा भाटिया के मुताबिक मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस ब्यूरो और संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त पूछताछ की गई. जांच में स्पष्ट हुआ कि बरामद आईडी कार्ड पूरी तरह फर्जी है और एजेंसी की ओर से ऐसा कोई कार्ड जारी नहीं किया गया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगा और क्या उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हैं.







