*_कुलदीप यादव की शादी में शामिल होने पहुंचे रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल, आज मेहंदी और संगीत समारोह_*
मसूरी: टी20 विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की शादी के फंक्शन उत्तराखंड की पहाड़ों की रानी मसूरी में शुरू हो चुके हैं. आज शुक्रवार को हल्दी और मेहंदी की रस्में हो रहीं हैं. शनिवार को कुलदीप यादव की शादी उनकी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से होगी. शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुलदीप यादव के साथी क्रिकेटरों का मसूरी में जमावड़ा लगने लगा है.
कुलदीप यादव की शादी में शामिल होने पहुंचे टीम के साथी: आज शुक्रवार को सबसे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप, कुलदीप यादव की शादी के फंक्शन अटेंड करने मसूरी पहुंचे. टी दिलीप को अक्सर आप बीसीसीआई द्वारा जारी किए जाने वाले वीडियो में बेस्ट फील्डर को मेडल देते देखते होंगे. सोशल मीडिया पर इंडियन ड्रेसिंग रूम के ये वीडियो बहुत पसंद किए जाते हैं. खासकर पाकिस्तानी खिलाड़ी भारतीय ड्रेसिंग रूम के ऐसे वीडियो देखकर भौचक्के रह जाते हैं.







