*_बिहार में अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस ने 5 को दबोचा.. 8 फरार_*
मुंगेर: बिहार के मुंगेर में अवैध हथियार निर्माताओं और तस्करों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. दियारा इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार और औजार बरामद किए गए.
कास के जंगल में छिपा कारखाना: बरियारपुर थाना क्षेत्र के गंगा पार तारापुर दियारा में कास के घने जंगल में अवैध मिनी गन फैक्ट्री चल रही थी. पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार को छापा मारा.
पांच कारीगर गिरफ्तार, आठ फरार: मौके पर 10-15 लोग हथियार बनाने में जुटे थे. पुलिस को देखते ही 8-10 लोग भाग निकले. गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद सरफराज (दो), मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद मुबारक और मोहम्मद मोसीर शामिल हैं. सभी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह गांव के रहने वाले हैं.
भारी मात्रा में हथियार बरामद: पुलिस ने 2 निर्मित और 12 अर्धनिर्मित पिस्टल, 11 निर्मित और 5 अर्धनिर्मित मैगजीन, 6 जिंदा कारतूस, 8 बेस मशीन, 2 ड्रील मशीन, 2 मोबाइल फोन और हथियार बनाने का अन्य सामान जब्त किया है.
कुल 8 फैक्टरियां संचालित: क्षेत्र में कुल 8 मिनी गन फैक्टरियां चल रही थीं. पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई. फरार आरोपियों के खिलाफ मुफस्सिल थाना में मुकदमा दर्ज हुआ.
आपराधिक इतिहास की जांच: सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है. अधिकांश पहले भी हथियार बनाने के मामले में जेल जा चुके हैं.
“गंगा ढाब के कास जंगल में मिनी गन फैक्ट्री चल रही थी. टीम ने सफल छापेमारी की, आगे की कार्रवाई जारी है.”-अभिषेक आनंद, एसडीपीओ, मुंगेर






