*_दिल्ली में बदमाश ने हेड कांस्टेबल के सीने पर दागी गोली; बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई जान, आरोपी गिरफ्तार_*

Spread the love

*_दिल्ली में बदमाश ने हेड कांस्टेबल के सीने पर दागी गोली; बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई जान, आरोपी गिरफ्तार_*

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के वेलकम थाना इलाके के झील पार्क में पुलिस और एक शातिर आरोपी के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई. इस दौरान खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इस दौरान आरोपी द्वारा चलाई गई गोली एक हेड कांस्टेबल के सीने पर जा लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट होने के कारण उसकी जान बाल-बाल बच गई. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो बदमाश के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा.

दरअसल, 5 जून की रात करीब 9:30 बजे वेलकम थाना पुलिस को एक बड़ी खुफिया जानकारी मिली थी. पुलिस को पता चला था कि हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा वांछित आरोपी रिहान इलाके में ही मौजूद है. सूचना मिलते ही वेलकम थाने के एसएचओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और झील पार्क के आसपास रणनीतिक घेराबंदी की गई.

जब गूंज उठी गोलियों की तड़तड़ाहट

रात के करीब 11 बजे मुखबिर के इशारे पर पुलिस ने संदिग्ध रिहान की पहचान की. जैसे ही पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, वह भागने लगा. पुलिस कर्मियों ने जब उसका पीछा किया, तो उसने अपनी जेब से सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. शुरुआत में आरोपी द्वारा चलाई गई दो गोलियां हेड कांस्टेबल हरेंद्र के बेहद करीब से निकल गईं.

पुलिस टीम लगातार उसे सरेंडर करने की चेतावनी दे रही थी, लेकिन इसी बीच आरोपी ने एक और गोली चला दिया. इस बार गोली सीधे हेड कांस्टेबल की छाती पर लगी. गनीमत रही कि हेड कांस्टेबल ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे गोली पार नहीं हो सकी.

आत्मरक्षा में पुलिस ने पैर पर दागी गोली

साथी कर्मचारी की जान को खतरे में देख और लगातार हो रही फायरिंग के जवाब में हेड कांस्टेबल ने सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने आत्मरक्षा में आरोपी के पैर को निशाना बनाकर एक नियंत्रित राउंड फायर किया. गोली लगते ही आरोपी जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे तुरंत काबू कर लिया. पुलिस ने लहूलुहान हालत में आरोपी को इलाज के लिए नजदीकी जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

हथियार बरामद, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस को मुठभेड़ स्थल से एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने और आर्म्स एक्ट के तहत एक नया मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हत्या के मामले में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रिहान एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 6 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल, पुलिस उसके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *