*_यूसीसी के बाद जनसंख्या नियंत्रण कानून! सीएम धामी ने दिये संकेत, बोले जरूरत पड़ेगी तो करेंगे काम_*
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग उठी. भारतीय जनता पार्टी के विधायक शिव अरोड़ा ने नियम 300 के तहत सदन में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए जाने का प्रस्ताव रखा. इस प्रस्ताव के सामने आने के बाद इस विषय पर सरकार की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. मुख्यमंत्री ने कहा लोगों की भावनाओं और परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकता होने पर सरकार इस दिशा में भी कदम उठा सकती है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा राज्य सरकार पहले ही प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू कर चुकी है. इस कानून को लागू करने के बाद उसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि समाज में कई विषय ऐसे होते हैं जिनसे लोगों की भावनाएं जुड़ी होती हैं. सरकार सभी की भावनाओं और सुझावों का सम्मान करती है.
मुख्यमंत्री ने कहा जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर भी समाज के अलग-अलग वर्गों की अपनी राय और भावनाएं हैं. सरकार इस विषय पर आने वाले सुझावों और परिस्थितियों का अध्ययन करेगी, यदि भविष्य में आवश्यकता महसूस होती है तो सरकार इस दिशा में आगे काम करने पर विचार कर सकती है.उन्होंने कहा राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में संतुलित विकास को सुनिश्चित करना है. इसके लिए सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं. जनसंख्या से जुड़े विषय भी उसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ देखे जाएंगे, ताकि समाज के सभी वर्गों के हित सुरक्षित रह सकें.
वहीं, इसके अलावा सदन शुरू होने से पहले प्रदेश में गैस की दिक्कतों को लेकर विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन कांग्रेस ने विधानसभा की सीढ़िया पर प्रदर्शन किया. कांग्रेस विधायकों का कहना है कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की उपलब्धता नहीं है, लेकिन सरकार मामले को दबाना चाहती है. गैस की कालाबाजारी भी नहीं रोकी जा रही है.
वहीं दूसरी तरफ़ प्रदेश में गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं पर भी मुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा राज्य में गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है. आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कुछ स्थानों से गैस की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन सरकार ऐसे मामलों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी.
उन्होंने कहा सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन को सतर्क रहने के लिए कहा गया है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रदेश के किसी भी हिस्से में लोगों को गैस की उपलब्धता को लेकर परेशानी न हो.
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. यदि कहीं कोई समस्या दिखाई दे तो प्रशासन को इसकी जानकारी दें. जिससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके. सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू बनी रहे. आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.







