*30 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी शहर की सभी सड़कें: विकास शर्मा* *गल्ला मंडी और मुख्य बाजार में भी शुरू हुआ अभियान, गुणवत्ता के साथ कराई जा रही सड़कों की मरम्मत*

*30 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी शहर की सभी सड़कें: विकास शर्मा*

 

*गल्ला मंडी और मुख्य बाजार में भी शुरू हुआ अभियान, गुणवत्ता के साथ कराई जा रही सड़कों की मरम्मत*

 

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर नगर निगम ने शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में तेजी ला दी है। इसी क्रम में गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने गल्ला मंडी और मुख्य बाजार क्षेत्र में नारियल फोड़कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मिष्ठान वितरण भी किया गया। महापौर ने कहा कि 30 अक्टूबर तक नगर निगम क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए निगम की टीमें प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में मरम्मत कार्य करा रही हैं।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि बारिश के कारण सड़कों की मरम्मत का काम प्रभावित हो रहा था। अब मौसम अनुकूल होने के बाद बिटुमिनस सामग्री से गड्ढों को भरने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। आदर्श कॉलोनी और आवास विकास क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जा चुका है। वहीं, कल्याणी व्यू से गोल्डन एजेंसी तक की सड़क की मरम्मत का कार्य भी पूरा हो गया है। अब गल्ला मंडी, मुख्य बाजार और श्याम बाबा मंदिर के आसपास की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गल्ला मंडी में सड़क के गड्ढों से परेशान व्यापारियों को अभियान से राहत मिलेगी।

 

उन्होंने बताया कि शहरवासी व्हाट्सएप के माध्यम से भी सड़कों की मरम्मत संबंधी शिकायतें और मांगें नगर निगम तक पहुंचा रहे हैं। इन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। सुभाष कॉलोनी और होटल सागर वाली गली में भी मरम्मत अभियान चलाया गया है। महापौर ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में सड़क का कोई हिस्सा मरम्मत से छूट गया है, तो इसकी जानकारी नगर निगम को दें, ताकि प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा सके।

 

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि शहर की सड़कों पर गड्ढे नहीं रहने चाहिए। नगर निगम इन निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है। 30 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के बाद नई सड़कों के निर्माण पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य में केवल औपचारिकता नहीं निभाई जा रही, बल्कि रोलर और मशीनों का उपयोग कर सड़क की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मरम्मत टिकाऊ हो और सड़कों की मजबूती लंबे समय तक बनी रहे।

 

दीपावली सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए महापौर ने कहा कि सड़कों के दुरुस्त होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। गांधी पार्क में दीपावली मेले के आयोजन की तैयारियां भी की जा रही हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी स्ट्रीट वेंडर्स को ध्यान में रखकर मेले का आयोजन किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को त्योहारों की खरीदारी के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बाजारों में अनावश्यक भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “इस शहर का मैं चौकीदार हूं। शहर को बेहतर बनाना और नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरा कर्तव्य है। विकास कार्यों को शहर की हर गली, सड़क और पार्क तक पहुंचाया जाएगा। कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा।”

 

ये रहे मौजूद

 

इस अवसर पर पार्षद चिराग कालरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, तराई मर्चेंट चैंबर अध्यक्ष राजेश घीक, प्रवेश गोयल, राजेश श्यामपुरिया, शिवांश अग्रवाल, हरजीत राठी, डॉ. संजीव शर्मा, मुकेश वशिष्ठ, पार्षद पवन राणा, पार्षद बीनू, गौरव जुयाल, पार्षद नूरुद्दीन, पवन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, मनदीप गुगलानी और प्रवीण गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement