*टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में चार और गिरफ्तार, दो युवतियां भी शामिल*
*लॉरेंस गैंग से पहली बार सामने आया महिलाओं का कनेक्शन, सलमान खान के घर की रेकी करने का भी आरोप*
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू में हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश की दो युवतियां और हरियाणा के दो युवक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी हथियार सप्लाई करने वाले मॉड्यूल से जुड़े हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल (21) और सुमित (19), निवासी सोनीपत (हरियाणा), तथा राधा (23), निवासी सीतापुर और बबीता (23), निवासी आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि कुणाल और सुमित ने फायरिंग में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार का इंतजाम किया था। इसके बाद राधा और बबीता हथियार लेकर मुंबई के दादर पहुंची थीं, जहां उन्होंने इसे शूटर्स तक पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, कुणाल अमेरिका में बैठे अनिल पंडित के संपर्क में था। अनिल पंडित ने ही इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने इससे पहले अभिनेता सलमान खान के घर की रेकी की थी।
इस मामले में महिलाओं की संलिप्तता सामने आने के बाद जांच एजेंसियां गैंग के हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं। दिल्ली पुलिस ने चारों आरोपियों को आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया है। मुंबई पुलिस ने अदालत से आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की है।


