*युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा विकसित भारत का सपना: विकास शर्मा* *नालंदा स्कूल में भाजयुमो के युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान*

*युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा विकसित भारत का सपना: विकास शर्मा*

 

*नालंदा स्कूल में भाजयुमो के युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान*

 

किच्छा। युवा शक्ति के संकल्प, सामर्थ्य और नवाचार से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। युवा न केवल देश का भविष्य हैं, बल्कि वर्तमान में भी सामाजिक बदलाव और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह बात रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने किच्छा स्थित नालंदा स्कूल में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कही।

 

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा और भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचारों, सपनों और आकांक्षाओं पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित, समाजसेवा और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भारत तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस प्रगति में युवाओं की भूमिका अहम है। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए अपनी प्रतिभा का सदुपयोग करना चाहिए। उनका लक्ष्य केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि अपनी उपलब्धियों से परिवार, समाज और देश की प्रगति में योगदान देना भी होना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हुए हैं। आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का संकल्प पूरा करने के लिए युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ ही स्वरोजगार और रोजगार सृजन की दिशा में भी प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ने की अपील की।

 

महापौर ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक समरसता जैसे कार्यों में युवाओं की भागीदारी से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम और सेवा भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

 

उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान, रचनात्मकता और सकारात्मक विचारों के प्रसार के लिए करने की सलाह दी। साथ ही नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और समाजोपयोगी गतिविधियों में भाग लेने को कहा। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचारों को मंच देना और उनकी क्षमताओं को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश और समाज का नेतृत्व करेंगे।

 

भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी संगठन और राष्ट्र की रीढ़ होती है। युवाओं में अपार प्रतिभा और क्षमता है। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने विचार और आकांक्षाएं साझा कीं। वक्ताओं ने उन्हें सकारात्मक सोच अपनाने, अपनी प्रतिभा पहचानने और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

 

इस दौरान विवेक दीप सिंह, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, कार्यक्रम संयोजक विशाल सिंह, स्कूल निदेशक डॉ. राहुल किशोर, प्रबंधक कमलेश दूबे, प्रधानाचार्य आकाश दूबे, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष रचित गंगवार सहित दीपक, उमेश, अंकित और केशव समेत स्कूल के सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement