*पंचवटी कॉलोनी के शिव मंदिर का सौंदर्यकरण कार्य पूरा, विधायक शिव अरोरा ने किया लोकार्पण*
*मंदिरों का संरक्षण और सौंदर्यकरण भी विकास का अहम हिस्सा : शिव अरोरा*
रुद्रपुर। ग्राम किरतपुर स्थित पंचवटी कॉलोनी में विधायक निधि से कराए गए शिव मंदिर के सौंदर्यकरण कार्य का विधायक शिव अरोरा ने विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।
लोकार्पण के अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि पंचवटी कॉलोनी के लोगों ने शिव मंदिर के सौंदर्यकरण की मांग उनके समक्ष रखी थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया।
विधायक ने कहा कि मंदिर और धार्मिक स्थल हमारी आस्था के केंद्र हैं। इनका संरक्षण और सौंदर्यकरण करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, नाली सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं जरूरी हैं, वहीं धार्मिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के मंदिरों और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण के लिए लगातार प्रयास किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
शिव अरोरा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। स्थानीय लोगों की मांगों और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पूरन रावत, सर्वेश कुमार, ज्ञानप्रकाश, अभय कुमार, सरोज देवी, छाया, पूजा, महिमा, सुमन, प्रीति सहित पंचवटी कॉलोनी के अनेक लोग मौजूद रहे।


