*जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना ही सच्ची समाज सेवा: विकास शर्मा* *रोडवेज स्टेशन परिसर में वाटर कूलर का महापौर ने किया शुभारंभ, सामाजिक संस्थाओं से जनहित के कार्यों में आगे आने की अपील*

*जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना ही सच्ची समाज सेवा: विकास शर्मा*

 

*रोडवेज स्टेशन परिसर में वाटर कूलर का महापौर ने किया शुभारंभ, सामाजिक संस्थाओं से जनहित के कार्यों में आगे आने की अपील*

 

रुद्रपुर। आमजन और यात्रियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रुद्रपुर यूनाइटेड और आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से रोडवेज स्टेशन परिसर में वाटर कूलर स्थापित किया गया। महापौर विकास शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में वाटर कूलर का शुभारंभ किया। यह वाटर कूलर आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत मित्तल ने अपनी स्वर्गीय माताजी की स्मृति में स्थापित कराया है।

 

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना ही सच्ची समाज सेवा है। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद लोगों के जीवन को आसान बनाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने जैसी पहल सीधे आमजन को राहत पहुंचाती है। विशेषकर गर्मी के मौसम में राहगीरों और यात्रियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित होती है।

 

उन्होंने कहा कि अपनी माता की स्मृति को समाज सेवा से जोड़ना एक भावनात्मक और प्रेरणादायी पहल है। इससे दिवंगत आत्मा की स्मृति को सम्मान मिलने के साथ ही अन्य लोगों को भी जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है।

 

महापौर ने रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रुद्रपुर यूनाइटेड और आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं और उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी से शहर में जनहित के कार्यों को गति मिल सकती है। शहर के विकास में स्वच्छता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ सामाजिक संवेदनशीलता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सामाजिक संगठनों और सामर्थ्यवान लोगों से जरूरतमंदों की सहायता तथा जनहित के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।

 

महापौर ने कहा कि रोडवेज स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। समाजसेवियों और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से यह पहल साकार हुई है। उन्होंने बताया कि शहर में ऐसे अन्य स्थानों को भी चिह्नित किया गया है, जहां रोट्रैक्ट क्लब और समाजसेवियों के सहयोग से इसी तरह की व्यवस्थाएं की जाएंगी।

 

कार्यक्रम में रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रुद्रपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष लविश मदान, सचिव नवम मलिक, क्लब के चार्टर अध्यक्ष मौलिक कक्कड़, उपाध्यक्ष लक्ष्य गुलगुलानी, आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत मित्तल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमित सिंघला और राजन राठौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement