*भदईपुरा रामलीला मैदान में फर्श निर्माण कार्य का शिलान्यास*
*विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर किया रामलीला मंचन का शुभारंभ, बोले- प्रभु श्रीराम के काज में गिलहरी की भांति दे रहे योगदान*
रुद्रपुर। भदईपुरा-दूधियानगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला मंचन का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने रामलीला मैदान में फर्श निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शिलान्यास भी किया। विधायक निधि से होने वाले इस निर्माण कार्य से मैदान को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। साथ ही रामलीला मंचन के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को भी सुविधा होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें रुद्रपुर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित रामलीलाओं में शामिल होकर प्रभु श्रीराम की सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के कार्य में उनका योगदान एक गिलहरी के समान है। प्रभु की कृपा से उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। रामलीला मैदान में फर्श निर्माण कार्य कराना भी प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से संभव हो रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा, जिससे रामलीला मैदान की सुंदरता बढ़ने के साथ ही आयोजन के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विधायक ने रामलीला के सफल आयोजन के लिए कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
इस दौरान स्वामी शिवानंद महाराज, गजेंद्र, मुकेश पाल, वार्ड 12 की पार्षद महेंद्री शर्मा, काजल राघव, कुंवरपाल गंगवार, प्रेमपाल यादव, जसवंत गंगवार, हितेंद्र त्रिपाठी, राजपाल यादव, रविंद्र गंगवार, रामप्रकाश और सुग्रीव सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


