मनीष गुप्ता बने जन सेवा सहायक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष
राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी सिंह लोधी ने सौंपा मनोनयन पत्र, संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प
रुद्रपुर। कृष्णा कॉलोनी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मनीष गुप्ता को उनकी सामाजिक सक्रियता, कार्यकुशलता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए जन सेवा सहायक पार्टी का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी सिंह लोधी ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी दी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी सिंह लोधी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता पर निर्भर करती है। उन्होंने मनीष गुप्ता से पार्टी की रीति-नीति एवं विचारधारा को प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ और क्षेत्रीय स्तर तक मजबूत करने की अपेक्षा की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी के जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। मनीष गुप्ता की सामाजिक गतिविधियों और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि वह प्रदेश में संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी सिंह लोधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले और क्षेत्र तक पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
गुप्ता ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों, व्यापारियों समेत समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए आम जनता की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि संगठनात्मक विस्तार के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संवाद किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं की जानकारी जुटाकर उनके समाधान के लिए आवाज उठाने के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।


