*बरसात में विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों को उजाड़ना दुर्भाग्यपूर्ण : बेहड़*
*किच्छा विधायक ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग*
रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने बुधवार को किच्छा से लौटते समय रुद्रपुर स्थित विश्वकर्मा मार्केट पहुंचकर वहां हटाए जा रहे व्यापारियों और दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और कार्रवाई पर चिंता जताई।
बेहड़ ने कहा कि विश्वकर्मा मार्केट को वर्षों पूर्व रुद्रपुर नगर पालिका के तत्कालीन नगर अध्यक्ष सुभाष चतुर्वेदी के कार्यकाल में विकसित किया गया था। उस समय वह स्वयं नगर पालिका के उपाध्यक्ष थे। व्यापारियों को रोजगार और व्यवसाय के लिए स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मार्केट बसाया गया था।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में छोटे और गरीब व्यापारियों को उजाड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। व्यापारी पहले से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं और ऐसे समय में दुकानों को हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और नगर निगम को कार्रवाई में संवेदनशीलता बरतनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि विकास के नाम पर किसी का रोजगार छीनना उचित नहीं है। यदि अतिक्रमण हटाना जरूरी है तो प्रभावित व्यापारियों के लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे और व्यापारियों की समस्या का उचित एवं मानवीय समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
बेहड़ ने सरकार और प्रशासन से बरसात के मौसम में प्रभावित व्यापारियों को तत्काल राहत देने तथा बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें हटाने की कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीब और छोटे व्यापारियों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी।
