*बंगाली समाज के अधिकारों को लेकर बैठक, 6 सितंबर को महायज्ञ आयोजित करने का निर्णय*
रुद्रपुर। बंगाली समाज के सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक अधिकारों को लेकर रविंद्र नगर स्थित सुभाष चंद्र बोस फुटबॉल मैदान में युवाओं, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबे समय से चल रहे ‘आरक्षण हमारा अधिकार’ आंदोलन के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आंदोलन के 120 दिन पूरे होने के अवसर पर 6 सितंबर को महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सरकार, शासन और प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना के साथ समाज के अधिकारों के लिए एकजुटता का संदेश दिया जाएगा। वक्ताओं ने बंगाली समाज के लोगों, विशेषकर युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बंगाली समाज लंबे समय से अनुसूचित जाति का दर्जा और आरक्षण सहित विभिन्न अधिकारों की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने उच्च शिक्षा, रोजगार और अन्य संवैधानिक अवसरों में समान अधिकार दिए जाने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों में बंगाली समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठाया। साथ ही बांग्ला भाषा, संस्कृति और समाज की पहचान के संरक्षण एवं सम्मान के लिए ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
युवा नेता देव बाला ने कहा कि बंगाली समाज की वर्षों पुरानी मांगों को अब नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर ‘आरक्षण हमारा अधिकार’ आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने सुभाष चंद्र बोस फुटबॉल मैदान की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाते हुए शासन-प्रशासन से मैदान की समस्याओं के समाधान की मांग की।
समाजसेवी तरुण विश्वास ने कहा कि बंगाली समाज के अधिकारों की लड़ाई कई पीढ़ियों से चल रही है। उन्होंने समाज के बुजुर्गों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों से व्यक्तिगत एवं दलगत हितों से ऊपर उठकर समाज के अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की।
बंगाली आरक्षण संघर्ष समिति के सलाहकार राजू विश्वास ने कहा कि समाज के लोग लगातार धरना और आंदोलन के माध्यम से अपनी मांगों को उठा रहे हैं। आंदोलन के 120 दिन पूरे होने पर आयोजित महायज्ञ के माध्यम से सरकार और प्रशासन का ध्यान समाज की मांगों की ओर आकर्षित किया जाएगा।
बंगाली नेता संजय हालदार ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी। बैठक में 6 सितंबर को आयोजित होने वाले महायज्ञ को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में युवा नेता देव बाला, संजय हालदार, धीरज विश्वास, सागर राय, सुजीत मंडल, तरुण विश्वास, नृत्य विश्वास, भाजन विश्वास, भजन राय, राजू विश्वास, सरकार, सुकुमार, नानक सहित अनेक युवा एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
