*रुद्रपुर के बड़े विकास प्रोजेक्टों को मिलेगी रफ्तार, शहरी विकास सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण*
*महापौर विकास शर्मा के साथ ड्रेनेज, सीवर, मल्टी कॉम्प्लेक्स समेत शहर की भावी योजनाओं पर हुई चर्चा*
रुद्रपुर। शहर को आधुनिक और सुनियोजित स्वरूप देने के लिए प्रस्तावित बड़े विकास प्रोजेक्टों को जल्द गति मिलने की उम्मीद है। सोमवार को उत्तराखण्ड शासन के शहरी विकास सचिव नितेश झा ने महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय और नगर निगम अधिकारियों के साथ शहर में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान शहर की मौजूदा समस्याओं और भविष्य की जरूरतों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
महापौर विकास शर्मा ने शहरी विकास सचिव के समक्ष रुद्रपुर के विकास का विस्तृत खाका रखते हुए ड्रेनेज, सीवर व्यवस्था, पेयजल सुधार, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, पुरानी नगर निगम मार्केटों के कायाकल्प, नए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, पर्यावरण मित्रों के लिए आवास और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने इन परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के लिए शासन स्तर से सहयोग की अपेक्षा की, जिस पर सचिव ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान शहरी विकास सचिव नितेश झा ने किच्छा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का जायजा लिया। कभी वर्षों से जमा कूड़े के विशाल ढेर के कारण समस्या बने इस क्षेत्र में नगर निगम द्वारा किए गए सुधार कार्यों को देखकर उन्होंने सराहना की। कूड़े के पहाड़ वाली भूमि को अब पार्क के रूप में विकसित किया गया है। सचिव ने यहां स्थापित सीबीजी प्लांट का भी निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
इसके बाद सचिव ने नगर निगम भवन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें प्रस्तावित नए नगर निगम भवन की योजना की जानकारी दी। काशीपुर बाईपास रोड पर इंडेन गैस एजेंसी के समीप प्रस्तावित मल्टी कॉम्प्लेक्स के लिए चिन्हित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रस्तावित निर्माण की रूपरेखा और गैस एजेंसी की संभावित शिफ्टिंग को लेकर चर्चा हुई।
शहरी विकास सचिव ने नगर निगम की वर्षों पुरानी मार्केटों का भी जायजा लिया। महापौर ने बताया कि जर्जर हो चुकी इन मार्केटों को आधुनिक स्वरूप देने की योजना तैयार की जा रही है, जिससे व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और नगर निगम की संपत्तियों का सुनियोजित उपयोग हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान पर्यावरण मित्रों के लिए प्रस्तावित आवासीय योजना पर भी चर्चा हुई। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पर्यावरण मित्रों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
जलभराव और सीवर व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा
महापौर विकास शर्मा ने शहर की प्रमुख समस्याओं में शामिल जलभराव और सीवर व्यवस्था का मुद्दा भी शहरी विकास सचिव के समक्ष रखा। उन्होंने प्रस्तावित मास्टर ड्रेनेज प्लान को रुद्रपुर के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे जल्द आगे बढ़ाने की मांग की।
इसके साथ ही शहर में व्यवस्थित सीवर नेटवर्क विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विस्तार कर रहा है और बढ़ती आबादी को देखते हुए आने वाले दशकों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी ढांचा विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज और सीवर जैसी परियोजनाएं शहर के स्वरूप में बड़ा बदलाव लाने वाली साबित होंगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहरी विकास सचिव के साथ रुद्रपुर की आगामी विकास योजनाओं को लेकर सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई है। नगर निगम की ओर से तैयार किए गए महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों को शासन स्तर पर तेजी से आगे बढ़ाने का भरोसा मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप रुद्रपुर को आधुनिक और आदर्श नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। ड्रेनेज और सीवर जैसी बड़ी आधारभूत परियोजनाओं के साथ पेयजल व्यवस्था में सुधार, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, नई निगम बिल्डिंग, आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, पुरानी मार्केटों के कायाकल्प, पर्यावरण मित्रों के आवास और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की योजनाएं धरातल पर उतरने के बाद रुद्रपुर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और शासन के सहयोग से बड़ी विकास योजनाओं को गति दी जा रही है। आने वाले समय में रुद्रपुर उत्तराखण्ड के एक आधुनिक और आदर्श नगर निगम के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।











