*मेडिकल कॉलेज में लापरवाही पर भड़के विधायक शिव अरोरा, ठेकेदार को लगाई फटकार* *एक सप्ताह में फर्नीचर लगाने के निर्देश, कहा- तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो तय होगी जवाबदेही*

*मेडिकल कॉलेज में लापरवाही पर भड़के विधायक शिव अरोरा, ठेकेदार को लगाई फटकार*

*एक सप्ताह में फर्नीचर लगाने के निर्देश, कहा- तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो तय होगी जवाबदेही*

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को विधायक शिव अरोरा ने मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, फर्नीचर और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कार्यों की धीमी गति और व्यवस्थाओं में मिली कमियों पर विधायक नाराज नजर आए और उन्होंने संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी और ठेकेदार प्रतिनिधि अनुज गोयल से स्पष्ट शब्दों में कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में ढीला-ढाला रवैया किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना रुद्रपुर ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र की उम्मीदों से जुड़ी है, इसलिए निर्माण और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि पूर्व में एनएमसी में किए गए आवेदन के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमियों के कारण सफलता नहीं मिल सकी थी। अब केंद्र सरकार के समक्ष आवेदन के अंतिम प्रयास से पहले मेडिकल कॉलेज में एनएमसी के सभी आवश्यक मानकों को हर हाल में पूरा किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गति तत्काल बढ़ाई जाए और सभी कमियों को युद्धस्तर पर दूर किया जाए।

एक सप्ताह में फर्नीचर लगाने की चेतावनी

विधायक ने पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी को दो टूक निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फर्नीचर लगाने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदारी तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर लापरवाही के मामले को उच्च स्तर पर उठाकर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वाकांक्षी संस्थान में किसी भी स्तर पर सुस्ती की गुंजाइश नहीं है। अब बहाने नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए। जिस अधिकारी अथवा संस्था को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी गंभीरता से निभाना होगा।

प्राचार्य को रोजाना प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश

विधायक ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी बसेरा को भी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य, फर्नीचर, स्टाफ, फैकल्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की दिन-प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी स्तर पर होने वाली देरी को तत्काल दूर किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सियाना से फोन पर वार्ता कर मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फैकल्टी और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के समक्ष अंतिम आवेदन से पहले फैकल्टी, स्टाफ, फर्नीचर और इंफ्रास्ट्रक्चर समेत एनएमसी के सभी आवश्यक मानकों को पूरा किया जाना जरूरी है।

स्वास्थ्य मंत्री से भी कर चुके हैं मुलाकात

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से शुरू कराने के संबंध में वह हाल ही में देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने ज्ञापन सौंपकर आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराने और सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की थी।

उन्होंने कहा कि अब विभाग और कार्यदायी संस्थाओं के सामने लक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट है। अगले 10 दिनों में एनएमसी के मानकों के अनुरूप सभी बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जाएगा और इसके बाद अंतिम प्रयास के तहत केंद्र सरकार के समक्ष आवेदन किया जाएगा।

कुमाऊं के भविष्य की नींव है मेडिकल कॉलेज

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और विधायक बनने के बाद से ही वह इसे शुरू कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य है कि इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सके।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के भविष्य और पूरे कुमाऊं की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाले डॉक्टर उत्तराखंड और देश की सेवा करेंगे। आने वाले समय में रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज कुमाऊं के प्रमुख चिकित्सा एवं शिक्षा केंद्रों में शामिल होगा, जिसका लाभ ऊधमसिंह नगर सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र को मिलेगा।

विधायक ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि अब काम में देरी का कोई बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित मानकों को पूरा करें, ताकि सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने का लक्ष्य साकार हो सके।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश, पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन पांडे, सर्जन डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, मनोज मदान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।