वेतन व श्रमिक हितों की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट पर कर्मचारियों का प्रदर्शन

Spread the love

वेतन व श्रमिक हितों की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट पर कर्मचारियों का प्रदर्शन

रुद्रपुर। सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री के कर्मचारियों ने प्रबंधन पर उत्पीड़न और श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए सोमवार को फैक्ट्री गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रबंधन के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-9 स्थित महालक्ष्मी पोलीपेक प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी लंबे समय से वेतन एवं अन्य सुविधाओं को लेकर असंतोष जताते आ रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन उन्हें शासनादेश के अनुरूप निर्धारित वेतन नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि उन्हें मात्र पांच हजार रुपये नकद तथा दस हजार रुपये उनके बैंक खातों में दिए जा रहे हैं, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें नियमित अवकाश की सुविधा भी नहीं दी जाती। किसी आवश्यक कार्य अथवा बीमारी के कारण अनुपस्थित रहने पर उनके वेतन से कटौती कर दी जाती है। इसके अलावा वेतन का भुगतान भी समय पर नहीं किया जाता तथा विभिन्न मदों के नाम पर मनमाने ढंग से वेतन में कटौती की जाती है।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी भी कर्मचारियों से वार्ता के लिए पहुंचे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र और न्यायोचित समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी फैक्ट्री प्रबंधन की होगी।

समाचार लिखे जाने तक कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच वार्ता जारी थी। इस दौरान रामअनुज यादव, विनोद यादव, मसूद खान, सच्चिदानंद यादव, मुकेश सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *