महापौर ने किया सब्जी मंडी पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास
करीब 50 लाख की लागत से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
रुद्रपुर। शहर की सबसे पुरानी सब्जी मंडी अब जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नए स्वरूप में नजर आएगी। वर्षों से अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही सब्जी मंडी के पुनर्निर्माण कार्य का शनिवार को महापौर विकास शर्मा ने विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। व्यापारियों ने महापौर का फूल-मालाओं से स्वागत कर पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से करीब 50 लाख रुपये की लागत से सब्जी मंडी का कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से व्यापारी और ग्राहक बदहाल व्यवस्थाओं के बीच काम करने को मजबूर थे। बरसात के दिनों में जलभराव, कीचड़ और जल निकासी की समस्या के कारण स्थिति और खराब हो जाती थी।
महापौर ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने व्यापारियों से मंडी के पुनर्निर्माण का वादा किया था, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य व्यापारियों और आम जनता को बेहतर एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि पुनर्निर्माण कार्य के तहत मंडी में आधुनिक शेड बनाए जाएंगे, जिससे गर्मी, बरसात और खराब मौसम में राहत मिलेगी। प्रत्येक व्यापारी के लिए अलग-अलग व्यवस्थित स्टॉल बनाए जाएंगे, जिनमें पानी की टंकी और बिजली कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध होगी।
नई मंडी में दोनों ओर नालियों का निर्माण किया जाएगा तथा 16 फीट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। मध्य भाग में सड़क से दो फीट ऊंचा प्लेटफार्म तैयार होगा, जिसमें छह गुणा छह फीट की कार्ट बनाई जाएगी। कार्ट की ऊंचाई आठ फीट रखी जाएगी। पानी की आपूर्ति के लिए बीच-बीच में एक हजार लीटर क्षमता के दो टैंक स्थापित किए जाएंगे। प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइटें लगाई जाएंगी तथा प्रवेश द्वार पर भव्य गेट का निर्माण होगा। इसके साथ ही साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन की सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा।
महापौर ने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि रुद्रपुर के व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम रुद्रपुर को आधुनिक और स्मार्ट शहर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित कई विकास योजनाओं पर तेजी से काम शुरू हो चुका है। इनमें अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी रोड तक मिनी बाईपास निर्माण, गंगापुर रोड एवं भूरारानी रोड का चौड़ीकरण, नगर निगम के बहुमंजिला हाईटेक भवन का निर्माण और गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र अरोरा, वेद ठुकराल, रश्मि रस्तोगी, धर्म सिंह कोली, सुरेश कोली, नरेश सागर, पार्षद इंद्रजीत सिंह, प्रमोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।







