*101 चयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, धामी बोले- सरकारी सेवा नौकरी नहीं, जनसेवा का अवसर*,
*101 चयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, धामी बोले- सरकारी सेवा नौकरी नहीं, जनसेवा का अवसर*,
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी विभागों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया के तहत पशुपालन विभाग तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग में चयनित 101 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नवनियुक्त कर्मचारियों में उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इसे अंतिम मंजिल न मानें। अब उनके जीवन में जनसेवा के नए अध्याय की शुरुआत हुई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चयन तक का सफर अभ्यर्थियों के लिए संघर्ष और मेहनत से भरा रहा है। यह सफलता उनकी लगन, परिश्रम के साथ माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा को केवल नौकरी के रूप में नहीं, बल्कि जनता की सेवा के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। नवनियुक्त कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि युवा अवस्था कुछ नया कर दिखाने का समय है। लक्ष्य और कर्तव्य के प्रति अडिग रहकर कार्य करने से रास्ते में आने वाली चुनौतियां धीरे-धीरे दूर होती जाती हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपने कार्यक्षेत्र में नई पहल करने और अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी है। पिछले चार वर्षों में विभिन्न विभागों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जो प्रदेश में एक नया रिकॉर्ड है। सरकार का प्रयास है कि योग्य और मेहनती युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर अवसर मिले और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के कारण किसी अभ्यर्थी को उसके अधिकार से वंचित न होना पड़े।
धामी ने कहा कि एक समय प्रदेश में नकल माफिया सक्रिय थे। भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के कारण योग्य अभ्यर्थियों की मेहनत पर पानी फिर जाता था और प्रतिभाएं पीछे छूट जाती थीं। सरकार ने इस स्थिति में बदलाव के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया और नकल माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। इससे भर्ती परीक्षाओं के प्रति युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है।
व्यवहार से बनती है सरकार की छवि
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद उनके सामने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है। दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सरकारी कार्यालयों में अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। कर्मचारी अपने व्यवहार और कार्यशैली के माध्यम से ही सरकार की कार्यप्रणाली की छवि जनता के सामने प्रस्तुत करते हैं।
उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी युवा अब सरकार के प्रतिनिधि के रूप में अपने-अपने विभागों में कार्य करेंगे। इसलिए अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
