मुनस्यारी-मिलम मार्ग पर पिकअप खाई में गिरी, दो मजदूरों की मौत
पिथौरागढ़। मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर रविवार शाम एक पिकअप वाहन के गहरी खाई में गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चालक मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बच गया। दुर्घटना के बाद आईटीबीपी, एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने दुर्गम क्षेत्र में करीब आठ घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार वाहन स्वामी कुंदन सिंह पांगती की पिकअप लास्पा गांव में सीमेंट पहुंचाने के बाद मुनस्यारी लौट रही थी। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। रविवार शाम करीब पांच बजे रड़गाड़ी के समीप अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद पिकअप लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए गोरी नदी के किनारे जा पहुंची।
हादसे में चालक जगत मेहता पुत्र गिनी बैंड निवासी तेजम वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई हैं। वहीं वाहन में सवार मनेंद्र राम (30) पुत्र उमेद राम निवासी व्यांगी पांगू तथा प्रकाश (28), मूल निवासी नेपाल एवं वर्तमान निवासी मुनस्यारी, वाहन के साथ खाई में गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
क्षेत्र में संचार नेटवर्क की सुविधा नहीं होने के कारण दुर्घटना की सूचना सबसे पहले शाम 5:15 बजे आईटीबीपी को मिली। इसके बाद प्रशासन और अन्य एजेंसियों को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही आईटीबीपी, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
आईटीबीपी के निरीक्षक विकास मेहरा, जीडी विक्रम, एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक सुनील चंद तथा पुलिस के उपनिरीक्षक नीरज चौहान के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान गहरी खाई से दोनों शवों को बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से शवों को मुनस्यारी अस्पताल भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान रात करीब ढाई बजे पूरा हुआ, जबकि सुबह चार बजे शवों को तहसील मुख्यालय मुनस्यारी पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। नेपाल निवासी मृतक प्रकाश के परिजनों के पहुंचने के बाद उसके शव से संबंधित आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का स्टेयरिंग फेल होना सामने आया है। मामले की जांच जारी है।







