वन विभाग की टीम पर फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर बंदूक बरामद
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित टीम को मिली सफलता, आरोपी पकड़ा
पुलिस दबिश के बाद जंगल से बरामद हुई घटना में प्रयुक्त बंदूक
बाजपुर। अजय गणपति के निर्देशन में बाजपुर पुलिस ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा फायरिंग करने वाले नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर बंदूक भी बरामद कर ली गई है।
वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी द्वारा 17 फरवरी 2026 को कोतवाली बाजपुर में दी गई तहरीर में बताया गया कि 14 फरवरी की रात जंगल गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दलजीत सिंह उर्फ डल्लू अपने साथियों के साथ अवैध असलहे एवं पेड़ काटने के औजारों के साथ जंगल की ओर गया है। सूचना पर वन विभाग की टीम सतर्क हो गई।
प्रातः लगभग 5:45 बजे ग्राम अस्कोट संपर्क मार्ग पर वन विभाग की टीम को पांच मोटरसाइकिलें दिखाई दीं, जिन पर खैर की लकड़ी लदी हुई थी। टीम द्वारा रुकने का संकेत देने पर मोटरसाइकिल सवार असंतुलित हो गए और लकड़ी के गिल्टे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दलजीत सिंह उर्फ डल्लू एवं उसके साथियों ने वन कर्मियों पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी।
घटना के संबंध में कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 40/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
18 फरवरी की देर रात पुलिस टीम ने बरहनी क्षेत्र से नामजद आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में प्रयुक्त बंदूक को जंगल में छिपाना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हरसान कपकोट मार्ग के पास झाड़ियों से एक 12 बोर बंदूक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
दलजीत सिंह उर्फ डल्लू (27)
पुत्र चरणजीत सिंह
निवासी – हरसान बरहेनी, बाजपुर
बरामदगी
▪ 01 अदद 12 बोर बंदूक
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, चौकी प्रभारी संदीप शर्मा, उप निरीक्षक धीरेंद्र परिहार, हेड कांस्टेबल दीपक कपड़े व कांस्टेबल सुरेश बिष्ट शामिल







