*श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगा रुद्रपुर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब* *सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में निकली जन्माष्टमी शोभायात्रा, विधायक शिव अरोड़ा समेत जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता*

*श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगा रुद्रपुर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब*

*सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में निकली जन्माष्टमी शोभायात्रा, विधायक शिव अरोड़ा समेत जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता*
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर गुरुवार को शहर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया। सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में पंच मंदिर से भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, धार्मिक-सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और श्रद्धालु शामिल हुए। आकर्षक झांकियों, भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा पंच मंदिर से शुरू होकर भगत सिंह चौक, गल्ला मंडी, त्रिशूल चौक, डीडी चौक, मुख्य बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: पंच मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह व्यापारियों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। बाल स्वरूप में श्रीकृष्ण, राधा-कृष्ण तथा अन्य धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकियों के दर्शन के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे जुटे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में शोभायात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से शहर गूंजता रहा। भक्ति संगीत और भजनों के बीच श्रद्धालु झूमते नजर आए। घरों और दुकानों से भी लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया।
पंच मंदिर में विधायक का स्वागत
शोभायात्रा के पंच मंदिर पहुंचने पर सनातन धर्म सभा की ओर से विधायक शिव अरोड़ा का स्वागत किया गया। सभा के पदाधिकारियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। विधायक ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में नमन कर क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, सत्य, कर्तव्य और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से मानवता को कर्म का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की जन्माष्टमी शोभायात्रा वर्षों से आस्था और आकर्षण का केंद्र रही है। इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रुद्रपुर की सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था को दर्शाती है। उन्होंने सनातन धर्म सभा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं को आयोजन के लिए बधाई दी।
शोभायात्रा में विधायक तिलराज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, दर्जामंत्री रामपाल, उत्तम दत्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, अनिल चौहान, गुरमीत सिंह, राजकुमार फुटेला, राजेश डाबर, पंकज बांगा, प्रीत ग्रोवर, मनोज छाबड़ा, संदीप राव, वेद ठुकराल, मनीष गगनेजा, सनातन धर्म सभा अध्यक्ष महेश बब्बर, महामंत्री विजय जग्गा, बॉबी अरोड़ा, जगदीश विश्वास, राजेश बजाज, कुलदीप चंद, मनोज मदान, राधेश शर्मा, निमित्त शर्मा, राजेंद्र राठौर, कैलाश राठौर, नमन चावला, सचिन मुंजाल, रविंद्र धामी, मयंक कक्कड़, विक्की वाल्मीकि, नागेंद्र गंगवार, रवि दिवाकर, राज कोली, धर्मेंद्र कोली, मोहित कक्कड़, सुनील सिंह, डंम्पी चोपड़ा, सुभाष यादव, रामप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement