पुष्कर सिंह धामी ने देखी द केरला स्टोरी 2, कहा—जागरूकता का सशक्त माध्यम

Spread the love

युवाओं को गुमराह करने वाली साजिशों का खुलासा करती है फिल्म: सीएम धामी

द केरला स्टोरी 2’ पर बोले धामी—समाज को सचेत करने वाली फिल्म

आतंकवादी गतिविधियों पर आधारित फिल्म ने खींचा मुख्यमंत्री का ध्यान

प्रलोभन और भ्रम से युवाओं को बचाने की जरूरत: मुख्यमंत्री

 

देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून स्थित द दून मॉल में लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण एवं आतंकवादी गतिविधियों पर आधारित फिल्म द केरला स्टोरी 2 का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह फिल्म समाज को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म में उन साजिशों को उजागर किया गया है, जिनके माध्यम से कुछ आतंकी संगठन युवाओं को गुमराह कर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वैचारिक और सामाजिक स्तर पर भी गंभीर चुनौतियां सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि फिल्म यह दर्शाती है कि किस प्रकार बिना हथियारों के ही युवाओं को भ्रम, प्रलोभन और गलत जानकारी के जरिए जाल में फंसाया जाता है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है। इसे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी बताते हुए उन्होंने ऐसे विषयों पर खुलकर चर्चा और जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक दुर्गेश्वर लाल तथा मेयर सौरभ थपलियाल भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे समाज को सचेत करने वाला प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस प्रकार की जागरूकता से जुड़ी फिल्मों को देखें और अपने परिवार व समाज के बीच इन विषयों पर चर्चा करें, ताकि युवाओं को किसी भी प्रकार के भ्रम या प्रलोभन से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *