हल्द्वानी पहुंचे प्रीतम सिंह, भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति का आरोप

Spread the love

हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बाद देर शाम कांग्रेस विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह हल्द्वानी पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे विषयों को उछालकर प्रदेश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने की बात पूरी तरह निराधार है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई हरीश रावत का ऐसा बयान दिखा दे तो वह राजनीति छोड़ देंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय केवल शैक्षणिक संस्थान के लिए भूमि आवंटन की सामान्य प्रक्रिया अपनाई गई थी। यदि भूमि का दुरुपयोग हो रहा है तो उस पर कार्रवाई करना वर्तमान सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रीतम सिंह ने कहा कि राजधानी देहरादून में महज 14 दिनों के भीतर चार हत्याएं होना सुरक्षा व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खनन, शराब और भू-माफिया हावी हैं तथा महिला अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जबकि सरकार मौन साधे हुए है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि बेरोजगारी और चरमराई कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस 16 फरवरी को राजभवन कूच करेगी।

टिकट वितरण के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाता है और पार्टी हमेशा जीतने वाले प्रत्याशी पर ही दांव लगाती है।

इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नेता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *