रुद्रपुर में नौवां सामूहिक विवाह समारोह , 21 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में – भारत भूषण चुघ
सर्व समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में ट्रांजिट कैंप में भव्य सामूहिक विवाह आयोजन
गायत्री परिवार के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होंगे सामूहिक विवाह संस्कार
संत-महात्माओं के आशीर्वाद से 21 नवविवाहित जोड़ों का होगा गृहस्थ जीवन आरंभ
रुद्रपुर। सर्व समाज कल्याण समिति एवं लघु व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप के तत्वावधान में नौवां सामूहिक विवाह समारोह रविवार को ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संयोजक भारत भूषण चुघ ने जानकारी दी कि संस्था पिछले नौ वर्षों से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन करती आ रही है और इस वर्ष भी सर्व समाज के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार 21 नवविवाहित जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। बारात गल्ला मंडी से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार और झील क्षेत्र से होते हुए ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान पहुंचेगी, जहां बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। विवाह समारोह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार गायत्री परिवार के तत्वावधान में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा।
समारोह में दूधिया मंदिर के शिवानंद जी महाराज, मंदिर मनकामेश्वर के स्वामी नारायण चैतन्य, सोमानंद जी महाराज और अशोक जी महाराज सहित कई संत-महात्मा वर-वधु को आशीर्वाद देंगे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
संयोजक चुघ ने बताया कि संस्था और जनसहयोग से नवविवाहित जोड़ों को आवश्यक गृहस्थी का सामान दान स्वरूप दिया जाएगा। इसमें डबल बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, सिलाई मशीन, पंखा और बर्तन आदि शामिल हैं।
लघु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि पूरी जांच-पड़ताल के बाद 21 जोड़ों का चयन किया गया है, जो सभी मानकों पर खरे उतरते हैं। विवाह समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा अतिथियों और बारातियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज गुप्ता, विकास बंसल, कमलदीप सोनकर, मधु डे, अशोक शाह, गौरव, दीप गुप्ता, पूरन पांडेय, संजीव लाला, गौरव दीक्षित और गायत्री परिवार के अनुज अग्रवाल मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि गायत्री परिवार वर्षभर विवाह और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाता है और सामूहिक विवाह समारोह में भी पूर्ण सहयोग देगा।







