इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जनवरी सत्र प्रवेश की अंतिम तिथि 28 फरवरी तक बढ़ाई

Spread the love

रुद्रपुर अध्ययन केंद्र में एम.कॉम., एम.ए. सहित छह नए पाठ्यक्रम शुरू

28 फरवरी तक ₹200 विलंब शुल्क के साथ पुनः पंजीकरण का अवसर

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून ने छात्रों से समय पर आवेदन करने की अपील

रुद्रपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2026 सत्र के लिए नए प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 फरवरी 2026 कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक विभिन्न कार्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र 31033 के समन्वयक डॉ. चंद्रपाल ने बताया कि जनवरी 2026 सत्र से अध्ययन केंद्र रुद्रपुर में स्नातकोत्तर स्तर पर एम.कॉम., एम.ए. (राजनीति विज्ञान, शिक्षा शास्त्र, अंग्रेजी), उपभोक्ता संरक्षण में प्रमाण पत्र तथा अंतर्राष्ट्रीय व्यवसाय प्रचालन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा सहित छह नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नए प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर संबंधित कार्यक्रम में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहीं जनवरी 2026 सत्र में पुनः पंजीकरण के पात्र विद्यार्थी इग्नू के समर्थ स्टूडेंट पोर्टल पर 28 फरवरी 2026 तक ₹200 विलंब शुल्क सहित पुनः पंजीकरण कर सकते हैं।

देहरादून स्थित इग्नू क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्र उच्च शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक रहें और इग्नू द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों का लाभ उठाएं।

उन्होंने पुनः आग्रह किया कि अभ्यर्थी अंतिम तिथि से पूर्व अपनी प्रवेश या पुनः पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *