रुद्रपुर में 5वीं निःशुल्क जिला स्तरीय महिला जु–जित्सू प्रतियोगिता संपन्न, बालिकाओं ने दिखाया दमखम

Spread the love

5वीं जिला स्तरीय महिला जु–जित्सू प्रतियोगिता में बालिकाओं ने दिखाया दमखम

महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल, जिला जु–जित्सू संघ ने कराया जिला स्तरीय आयोजन

जु–जित्सू मुकाबलों में उभरी बालिकाओं की प्रतिभा, विभिन्न वर्गों में बांटे गए पदक

जनपदभर की प्रतिभागी बालिकाओं ने लिया हिस्सा, सब–जूनियर वर्ग में अनाया व कुविरा ने जीता स्वर्ण

रुद्रपुर, 08 फरवरी। जिला जु–जित्सू एसोसिएशन ऑफ उधम सिंह नगर (रजि) के तत्वाधान में 5वीं निःशुल्क जिला स्तरीय महिला जु–जित्सू प्रतियोगिता–2026 का आयोजन श्री दुर्गा मंदिर धर्मशाला, रुद्रपुर के सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में जनपदभर से बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला जु–जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा, महासचिव ऋषि पाल भारती, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, उपाध्यक्ष जॉनी हीराम तिग्गा तथा वसीम खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर संयुक्त रूप से किया।

मुख्य अतिथि भारत भूषण चुघ ने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में जिला जु–जित्सू संघ का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में लड़कियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिलना आवश्यक है तथा उन्हें अपने अधिकारों और जीवन की वास्तविकताओं के प्रति जागरूक होना चाहिए। बिना महिलाओं के समुचित विकास के देश और समाज का विकास अधूरा है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिल शर्मा ने कहा कि बालिकाओं को किसी भी स्तर पर घबराने की आवश्यकता नहीं है और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि वे परिवार व समाज में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन कर सकें। कोषाध्यक्ष किशोर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बढ़ती आपराधिक घटनाओं के प्रति महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें आत्मरक्षा के प्रति प्रेरित करना है।

जिला जु–जित्सू संघ के महासचिव सेंसेई ऋषि पाल भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जनपद से बड़ी संख्या में बालिकाओं ने विभिन्न वर्गों की फाइटिंग स्पर्धाओं में भाग लेकर पदक हासिल किए। सब जूनियर वर्ग में अंडर–08 आयु वर्ग के 21 किग्रा भार वर्ग में अनाया जोशी ने स्वर्ण, हिमांशी ने रजत तथा अनन्या गुप्ता व आराध्या सक्सेना ने कांस्य पदक जीते। वहीं अंडर–10 आयु वर्ग के 24 किग्रा भार वर्ग में कुविरा चौहान ने स्वर्ण, नव्या ने रजत तथा ऋतिका भंडारी व सौजन्य ने कांस्य पदक अपने नाम किए। अन्य स्पर्धाएं जारी हैं।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका हिमा भट्ट, गंगा मेहरा, रूनू शर्मा, प्रिया विश्वास, कंचन बसेरा, शिवानी, लोरी, क्षितिज सिंह और वंश बिष्ट ने निभाई। इस अवसर पर शोभा तिग्गा, नरेंद्र सिंह, कौशल्या, शेखर सक्सेना, गुलशन कुमार, शिवम, मिनकू ठाकुर सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *