रुद्रपुर में ऐतिहासिक होगा ‘एक साल बेमिसाल’ उत्सव: विकास शर्मा
सीएम धामी देंगे 100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात
रुद्रपुर। नगर निगम के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा “एक साल बेमिसाल” उत्सव इस बार ऐतिहासिक स्वरूप लेने जा रहा है। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि 14 फरवरी से प्रारंभ होने वाला दस दिवसीय यह आयोजन जनभागीदारी, विकास और सांस्कृतिक समन्वय का अद्वितीय उदाहरण बनेगा। उत्सव का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जो इस अवसर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर ने बताया कि 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री 14 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे त्रिशूल चौक पर भव्य त्रिशूल का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह त्रिशूल आस्था के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनेगा।
मुख्यमंत्री धामी हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों का स्वागत एवं सम्मान भी करेंगे। इसके बाद उनके सानिध्य में त्रिशूल चौक से विशाल शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक दलों और सामाजिक संगठनों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा।
गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री यूएस नगर कार्निवल एवं सरस मेले का शुभारंभ करेंगे। सायंकाल श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित विशाल शिव जागरण का भी उद्घाटन किया जाएगा।
15 से 23 फरवरी तक प्रतिदिन गांधी पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। दिन में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और नगर के कलाकार प्रस्तुति देंगे, जबकि शाम को देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार मंच संभालेंगे। प्रत्येक दिवस को किसी न किसी समुदाय की संस्कृति को समर्पित किया गया है।
कार्यक्रमों के तहत 15 फरवरी को संकल्प खेतवाल एवं हरीश भट्ट, 16 फरवरी को सैंड आर्ट के साथ जस्सी गिल एवं बलवल राय, 17 फरवरी को इमान चक्रवर्ती एवं एनसी सरकार का मैजिक शो, 18 फरवरी को हिमनात एवं बंटी राणा, 19 फरवरी को रूपेश मिश्रा एवं श्वेता मेहरा प्रस्तुति देंगे। 20 फरवरी को गोविंद दिगारी, खुशी दिगारी और फौजी ललित मोहन जोशी, 21 फरवरी को साधो बैंड तथा श्री राम कला केन्द्र की रामलीला, 22 फरवरी को पवनदीप राजन एवं जितेन्द्र तोमग्याल और 23 फरवरी को पाण्डवा बैंड समापन प्रस्तुति देंगे।
मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल होंगे। 25 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों को निःशुल्क दिए जाएंगे। महापौर ने बताया कि महिला समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए ‘शी मार्ट’ स्थापित करने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। साथ ही कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक विशेष ब्रांड विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
महापौर ने विश्वास जताया कि यह उत्सव रुद्रपुर की नई पहचान स्थापित करेगा। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, राकेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






