सीएम धामी के नेतृत्व में पारदर्शी खनन व्यवस्था की मिसाल, निदेशक राजपाल लेघा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
नई खनन नीति व ई-ऑक्शन से बढ़ी पारदर्शिता, अवैध खनन पर रोक; लाखों लोगों को मिला रोजगार
पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खनन व्यवस्था में पारदर्शिता की नई मिसाल
धामी सरकार की पारदर्शी नीतियों से खनन राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
हरीश मुंजाल ने की धामी सरकार की खनन नीति की खुलकर प्रशंसा
सुशासन और पारदर्शिता के दम पर विकास की रफ्तार हुई तेज – हरीश मुंजाल
उत्तराखंड में खनन माफियाओं पर कड़ा प्रहार, वैध कारोबार को बढ़ावा
खनन क्षेत्र में सुशासन की मिसाल, प्रशासनिक सुधारों की देशभर में सराहना
देहरादून।
पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक सुधारों की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रभाव अब विभिन्न विभागों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। विशेष रूप से खनन विभाग में बीते कुछ समय में लागू की गई पारदर्शी नीतियों और सख्त प्रशासनिक कार्यशैली को व्यापक सराहना मिल रही है।
इसी क्रम में उत्तराखंड के खनन निदेशक राजपाल लेघा को उनके ईमानदार और प्रभावी प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘इंडियाज़ ऑनेस्ट इंडिपेंडेंस ऑनर’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान खनन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा नीतियों के सफल क्रियान्वयन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी की स्पष्ट नीतियों और प्रशासनिक दृढ़ता के चलते प्रदेश में खनन व्यवस्था को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाए गए हैं। खनन गतिविधियों को नियंत्रित और नियमित करने के लिए विभाग द्वारा लागू की गई नई व्यवस्थाओं से सरकार के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उद्योगपति हरिश मुंजाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खनन निदेशक राजपाल लेघा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि नई खनन नीति से प्रक्रियाएं सरल हुई हैं तथा खनन पट्टों की नीलामी अब पूरी तरह ई-ऑक्शन प्रणाली से पारदर्शी तरीके से की जा रही है, जिससे निष्पक्षता और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों सुदृढ़ हुई हैं।
मुंजाल ने बताया कि पूर्व में खनन क्षेत्र को लेकर लोगों में कई भ्रांतियां थीं और उन्हें भी इस क्षेत्र में अव्यवस्था का अंदेशा था। हालांकि, वर्तमान व्यवस्था की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने खनन क्षेत्र में कार्य शुरू किया और पाया कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संचालित हो रही है।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में खनन माफियाओं के बजाय वैध व्यवसायिक वातावरण विकसित हो रहा है। प्रभावी नीतियों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं तथा लाखों लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस क्षेत्र से जुड़कर अपनी आजीविका चला रहे हैं।
उद्योगपति हरिश मुंजाल ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पारदर्शी नीतियों और सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से विकास की रफ्तार आगे भी निरंतर बढ़ती रहेगी।







